देर से कॉलेज पहुंचने पर छात्रों की पिटाई का आरोप, दो सहायक प्रोफेसर निलंबित; चार शिक्षक-स्टाफ हिरासत में

कानपुर (उप्र), चार फरवरी – कानपुर के मंधाना क्षेत्र स्थित महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज में घने कोहरे के कारण देर से कॉलेज पहुंचने पर छात्र-छात्राओं की कथित पिटाई के विरोध में मंगलवार को छात्रों ने प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

विवाद बढ़ने पर कॉलेज प्रशासन ने दो सहायक प्रोफेसरों—सुभाष चंद्र मौर्य और अनिल कुमार पाठक—को निलंबित कर दिया और मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की है। इस बीच पुलिस ने चार अन्य शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

छात्रों के अनुसार, घने कोहरे के कारण वे सुबह निर्धारित समय पर कॉलेज नहीं पहुंच सके। जब वे नौ बजे के बाद परिसर में पहुंचे तो कुछ संकाय सदस्यों ने देर से आने पर कथित रूप से लाठियों और बेल्ट से उनकी पिटाई की और 300 रुपये ‘लेट चार्ज’ देने को कहा।

विद्यार्थियों का आरोप है कि मारपीट की इस घटना में 10 से अधिक छात्र-छात्राएं घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए कॉलेज के अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य छात्र भी परिसर में एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट बंद कर दिए और घटना में शामिल शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

एक छात्र के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तीन शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर में पुलिस और प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) के जवानों को तैनात किया गया है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) सैयद कासिम आब्दी ने बताया कि छात्रों और कॉलेज स्टाफ के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा,
“कॉलेज में प्रवेश समय को लेकर हुए विवाद में कुछ छात्रों को चोटें आई हैं। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

इस बीच, छात्रों ने प्रशासन से लिखित आश्वासन की मांग की है कि प्रदर्शन में शामिल विद्यार्थियों के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *