रसोई गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक चोरी, मुठभेड़ के बाद सात आरोपी गिरफ्तार

झांसी, 11 मार्च (भाषा)। झांसी जिले में करीब 500 से अधिक रसोई गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक चोरी होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और चोरी किए गए सभी सिलेंडर बरामद कर लिए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी. बी. जीटीएस मूर्ति ने बताया कि सीपरी बाजार क्षेत्र स्थित भारत पेट्रोलियम के डिपो से एक ट्रक में भारत गैस के 524 भरे हुए सिलेंडर लदे थे। ट्रक चालक राजकुमार होली मनाने के लिए वाहन को डिपो के बाहर खड़ा कर घर चला गया था।

उन्होंने बताया कि अगले दिन वापस लौटने पर चालक को ट्रक नहीं मिला, जिसके बाद ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल ने ट्रक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार चोरी हुआ ट्रक अगले ही दिन बड़ागांव थाना क्षेत्र में एक ढाबे के पास खड़ा मिला, लेकिन उसमें एक भी सिलेंडर नहीं था। इसके अलावा चोरों ने ट्रक में लगा जीपीएस उपकरण भी तोड़कर फेंक दिया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमों का गठन कर सिलेंडरों की तलाश शुरू की गई। बुधवार तड़के करीब तीन बजे सूचना के आधार पर ग्वालियर मार्ग पर एक गैस गोदाम के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने प्रेमनगर निवासी जावेद, सुमित और ऋतिक तथा समथर निवासी आमिर को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर समथर के ही शुभंकर, अभिषेक और सुरेंद्र को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक जावेद और ऋतिक पहले गैस प्लांट में ट्रक चालक के रूप में काम कर चुके थे और उन्होंने मिलकर सिलेंडर चोरी की योजना बनाई थी। दोनों ने इसके लिए समथर स्थित शिव गैस एजेंसी से संपर्क कर 13 लाख रुपये में सिलेंडर बेचने का सौदा तय किया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने छापेमारी कर शिव गैस एजेंसी से चोरी किए गए 524 सिलेंडर बरामद कर लिए, जिनमें 389 भरे हुए और 135 खाली सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से 11 लाख 10 हजार रुपये नकद और सिलेंडर बेचकर मिले 83 हजार 820 रुपये भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों और ट्रक मालिक के बीच 60 से 70 हजार रुपये के लेन-देन से जुड़े विवाद की बात भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *