Read Now News Read Now News Hindi Samachar
E-Magazine Admin

लखनऊ को स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर-1 बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : ए.के. शर्मा

लखनऊ, 27 मई 2026 (यूएनएस)। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि लखनऊ को स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में प्रथम स्थान दिलाने के लिए सरकार, नगर निगम, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर बनाना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर बुधवार को संगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ए.के. शर्मा ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से यह विश्लेषण करने को कहा कि किन प्रयासों के कारण लखनऊ स्वच्छता सर्वेक्षण में तीसरे स्थान तक पहुंचा और किन कमियों के चलते शहर प्रथम स्थान हासिल नहीं कर सका।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में कायाकल्प कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। साथ ही शिकायत निस्तारण प्रणाली में नागरिक फीडबैक को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने सीवेज संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा अस्पतालों और बड़े होटलों के बाहर जमा होने वाले कूड़े को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए।

ए.के. शर्मा ने कहा कि स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में मोहल्ला सभाओं और समितियों के माध्यम से स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी वार्ड में कूड़े के ढेर दिखाई नहीं देने चाहिए और नगर निगम अधिकारी नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।

उन्होंने कमर्शियल इलाकों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि व्यापारियों को अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने के लिए प्रेरित किया जाए। मंत्री ने कहा कि यदि सभी लोग मिलकर जिम्मेदारी निभाएं तो लखनऊ को स्वच्छता सर्वेक्षण में देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाया जा सकता है।

बैठक में महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, पार्षदगण तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *