प्रधानमंत्री 16 फरवरी को ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का उद्घाटन करेंगे

नई दिल्ली, 15 फरवरी। नरेंद्र मोदी सोमवार को भारत मंडपम में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार यह एक्सपो 16 से 20 फरवरी तक आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के साथ आयोजित होगा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावहारिक उपयोगों का राष्ट्रीय मंच बनेगा।

पीएमओ के बयान के अनुसार यह आयोजन 70,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैले 10 एरेना में होगा, जहां वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियां, स्टार्टअप, शिक्षाविद, अनुसंधान संस्थान, केंद्रीय मंत्रालय, राज्य सरकारें और अंतरराष्ट्रीय साझेदार एक साथ भाग लेंगे। एक्सपो का उद्देश्य नीति और नवाचार को जोड़ते हुए एआई समाधान को आम नागरिक तक पहुंचाना है।

आयोजन में 13 देशों के मंडप स्थापित किए जाएंगे, जिनमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। एक्सपो में 300 से अधिक प्रदर्शनी मंडप और लाइव प्रदर्शन होंगे, जिन्हें ‘लोग’, ‘ग्रह’ और ‘उन्नति’ जैसे प्रमुख विषयों के आधार पर प्रस्तुत किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार 600 से अधिक उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप अपने समाधान प्रस्तुत करेंगे, जिनमें कई वैश्विक स्तर पर लागू तकनीकी मॉडल प्रदर्शित करेंगे। पांच दिनों के दौरान 500 से अधिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 3,000 से अधिक विशेषज्ञ और वक्ता एआई के सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक प्रभावों पर चर्चा करेंगे।

इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 25 लाख से अधिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। सरकार का मानना है कि यह मंच वैश्विक एआई सहयोग को बढ़ावा देने, नई साझेदारियों को प्रोत्साहित करने और तकनीकी नवाचार को व्यापक स्तर पर लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *