भारत के खिलाफ मैच हमारे नियंत्रण में नहीं, यह सरकार का फैसला है : पाक कप्तान सलमान आगा

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा

कोलंबो, 5 फरवरी (एजेंसी)। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मुकाबले के बहिष्कार को लेकर स्पष्ट किया है कि यह फैसला खिलाड़ियों या क्रिकेट बोर्ड के नियंत्रण में नहीं है, बल्कि पूरी तरह सरकार का निर्णय है, जिसका टीम सम्मान करती है।

सलमान आगा ने बृहस्पतिवार को कप्तानों की आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “भारत के खिलाफ मैच हमारे नियंत्रण में नहीं है। यह सरकार का फैसला है और हम उसका सम्मान करते हैं। सरकार जो भी कहेगी, हम वही करेंगे।”

पाकिस्तान ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले बहुप्रतीक्षित टी20 विश्व कप ग्रुप लीग मैच का बहिष्कार करने की घोषणा की है। हालांकि, पाकिस्तानी सरकार ने सात फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को मंजूरी दे दी है।

टी20 विश्व कप शनिवार से भारत और श्रीलंका के अलग-अलग स्टेडियमों में शुरू हो रहा है। सलमान ने कहा कि अगर भारत और पाकिस्तान नॉकआउट चरण में आमने-सामने आते हैं, तो भी टीम सरकार के निर्देशों का ही पालन करेगी।

उन्होंने कहा, “अगर सेमीफाइनल या फाइनल में भारत से खेलने की स्थिति आती है, तो हमें फिर से सरकार के पास जाना होगा और उनकी सलाह पर ही आगे बढ़ना होगा। मुझे नहीं पता कि मैच होगा या नहीं, लेकिन सरकार ने जो रुख अपनाया है, हम उसी पर चलेंगे।”

सरकारी बयान के अनुसार, पाकिस्तान का यह फैसला टूर्नामेंट से बांग्लादेश को हटाने के खिलाफ राजनीतिक विरोध के तौर पर लिया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मुकाबलों को भारत से श्रीलंका स्थानांतरित करने के बांग्लादेश के अनुरोध को खारिज कर दिया था।

सलमान आगा ने बांग्लादेश के टूर्नामेंट में भाग नहीं लेने पर दुख जताते हुए कहा, “वे हमारे भाई हैं। यह देखकर बहुत अफसोस होता है कि वे विश्व कप नहीं खेल रहे हैं। वे टूर्नामेंट में हमारा समर्थन कर सकते हैं।”

पिछले टी20 विश्व कप में अमेरिका से मिली हार के सवाल पर सलमान ने कहा कि वह अब बीती बात हो चुकी है।
उन्होंने कहा, “हम पिछले विश्व कप में अमेरिका से हारे थे, लेकिन वह इतिहास है। यह एक नया विश्व कप है, नई टीम और नया संयोजन है। यह कप्तान के तौर पर मेरा पहला विश्व कप है और मैं इसे लेकर बहुत उत्साहित हूं।”

उन्होंने कहा कि कप्तान के रूप में उनका लक्ष्य टीम का नेतृत्व करना, खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाना और सकारात्मक माहौल बनाना है।

सलमान ने बताया कि हाल ही में स्वदेश में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3-0 से टी20 श्रृंखला जीतने से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है, भले ही ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के बिना उतरी थी।

उन्होंने कहा, “भारत के मैच के अलावा जब सवाल हमारी क्रिकेट पर आते हैं तो अच्छा लगता है। एशिया कप के बाद से हमने कोई श्रृंखला नहीं गंवाई है और ज्यादातर मैच जीते हैं। हम इस विश्व कप में काफी उम्मीदों और उत्साह के साथ आए हैं।”

पिछली तीन आईसीसी प्रतियोगिताओं में खराब प्रदर्शन स्वीकार करते हुए सलमान ने कहा कि टीम ने अपनी गलतियों से सीख ली है।
उन्होंने कहा, “पिछली प्रतियोगिताओं में हम उम्मीद के मुताबिक नहीं खेले, लेकिन वह इतिहास है। हमने उससे बहुत कुछ सीखा है।”

पाक कप्तान ने श्रीलंका को अपना ‘दूसरा घर’ बताते हुए कहा कि मौसम जैसी चुनौतियों को टीम बहाना नहीं बनाएगी।
उन्होंने कहा, “मौसम को आप नियंत्रित नहीं कर सकते। हम यहां सिर्फ अच्छा क्रिकेट खेलने आए हैं और हर चुनौती का सामना करेंगे।”

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *