पश्चिम एशिया संकट पर संसद में सरकार देगी बयान, लोकसभा में हालात पर जानकारी देंगे एस. जयशंकर

नई दिल्ली, 8 मार्च। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत सोमवार से हो रही है। इस दौरान पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उसके प्रभाव को लेकर संसद में चर्चा होने की संभावना है। सरकार की ओर से एस. जयशंकर लोकसभा में मौजूदा हालात और भारत सरकार के रुख पर विस्तृत बयान देंगे।

लोकसभा की संशोधित कार्यसूची के अनुसार विदेश मंत्री सदन को पश्चिम एशिया की सुरक्षा स्थिति, वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी देंगे। हाल के दिनों में क्षेत्र में संघर्ष तेजी से बढ़ा है, जहां इज़राइल और ईरान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। वहीं अमेरिका की सैन्य कार्रवाई और जवाबी हमलों के कारण पूरे क्षेत्र में स्थिति और गंभीर हो गई है।

मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच जारी यह संघर्ष कई दिनों से लगातार जारी है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है। इस मुद्दे का असर भारत की राजनीति में भी दिखाई दे रहा है और विपक्ष लगातार सरकार से इस मामले में भारत के रुख को स्पष्ट करने की मांग कर रहा है।

सरकार का कहना है कि वह पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। विशेष रूप से वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। विदेश मंत्रालय के अनुसार क्षेत्र में आंशिक रूप से हवाई सेवाएं बहाल होने के बाद अब तक 52 हजार से अधिक भारतीय नागरिक सुरक्षित स्वदेश लौट चुके हैं।

सरकार ने यह भी संकेत दिया है कि यदि स्थिति और बिगड़ती है तो भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे। संसद में विदेश मंत्री के बयान के बाद इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *