सपा कार्यालय में लोहिया जयंती पर संगोष्ठी, नेताओं ने समाजवादी विचारधारा पर डाला प्रकाश

शाहजहांपुर, 23 मार्च। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सोमवार को जनपद के बिजलीपुरा स्थित सपा कार्यालय में महान समाजवादी चिंतक राम मनोहर लोहिया की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के अंतर्गत सपा जिला अध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान की अध्यक्षता में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. लोहिया के सिद्धांतों और समाजवादी विचारधारा पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने उनके जीवन और संघर्षों को याद करते हुए समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उनके योगदान को प्रेरणादायक बताया।

जिला अध्यक्ष तनवीर खान ने कहा कि डॉ. लोहिया एक निडर एवं गतिशील समाजवादी नेता थे, जिन्होंने गरीबों, पिछड़ों और महिलाओं के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं और समाज में समानता तथा न्याय स्थापित करने की दिशा में प्रेरणा देते हैं।

पूर्व विधायक राजेश यादव ने कहा कि डॉ. लोहिया जनतांत्रिक समाजवाद के प्रबल समर्थक थे और उन्होंने सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक असमानताओं के खिलाफ हमेशा आवाज उठाई। वहीं पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा ने उन्हें स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर चिंतक और समाजवादी नेता बताते हुए उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा, प्रदेश सचिव रामसूरत सिंह यादव, ज्योत्सना कश्यप, सैयद रिजवान अहमद, अतिउल्ला सिद्दीकी, चौधरी रामकुमार भोजवाल सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *