शाहजहांपुर। श्रीरामचंद्र मिशन की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 12 फरवरी से 2 मार्च तक आयोजित होने वाले स्वर्ण जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने समारोह को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट और सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एनएचएआई के अभियंता को सड़क निर्माण और डिवाइडर से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
जिलाधिकारी ने फायर सेफ्टी और विद्युत सुरक्षा की समुचित जांच कराने, परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने तथा आरओ टैंकों के पानी की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने सीओ ट्रैफिक को समारोह अवधि के दौरान प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन को किसी भी तरह की असुविधा न हो और यातायात सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।
इसके अलावा अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया कि 10 फरवरी से 5 मार्च तक आरसी मिशन परिसर में 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं हर हाल में 10 फरवरी तक पूर्ण कर ली जाएं।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने मंडी रोड स्थित अहमदपुर रेती क्षेत्र का भी भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नगर आयुक्त को सड़क किनारे फैले कीचड़ को तत्काल हटाने, नियमित सफाई कराने और क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
