नई दिल्ली, 27 मई 2026 (यूएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 243 रन बनाए और जीत के लिए 244 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। राजस्थान की ओर से युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी अंदाज में 97 रन बनाए, जबकि ध्रुव जुरेल ने अर्धशतक जमाया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही हैदराबाद के गेंदबाजों पर हमला बोला और मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। उन्होंने मात्र 29 गेंदों में पांच चौकों और 12 छक्कों की मदद से 97 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 334.48 का रहा।
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने के रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गए थे। यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 30 गेंदों में शतक लगाया था। वैभव को यह उपलब्धि हासिल करने के लिए केवल एक गेंद और चाहिए थी, लेकिन प्रफुल्ल हिंगे की गेंद पर वह 97 रन बनाकर आउट हो गए।
राजस्थान के लिए ध्रुव जुरेल ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 रन बनाए और टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल के बीच पहले विकेट के लिए 125 रनों की साझेदारी हुई, जो आईपीएल नॉकआउट मुकाबलों में दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी बन गई।
वैभव सूर्यवंशी की 97 रन की पारी आईपीएल नॉकआउट मुकाबलों में राजस्थान रॉयल्स के किसी बल्लेबाज द्वारा खेली गई दूसरी सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी बन गई है। इससे पहले जोस बटलर ने 2022 के क्वालिफायर-2 में नाबाद 106 रन बनाए थे।
इस मुकाबले के साथ वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के एक सत्र में किसी भी अनकैप्ड बल्लेबाज द्वारा सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने इस सीजन में अब तक 680 रन बना लिए हैं। इस मामले में उन्होंने यशस्वी जायसवाल के 625 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
वैभव ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए आईपीएल नॉकआउट मुकाबले में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने इस मैच में 12 छक्के लगाए और शुभमन गिल के 10 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार एक पारी में 10 से अधिक छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल की बराबरी पर पहुंच गए हैं। दोनों बल्लेबाज यह कारनामा चार-चार बार कर चुके हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से प्रफुल्ल हिंगे ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि ईशान मलिंगा, शिवांग कुमार और नीतीश रेड्डी को एक-एक सफलता मिली।
