नोएडा ब्लास्टर्स की बड़ी जीत, काशी किंग्स का विजय रथ थमा गोरखपुर राउडीज़ का जलवा बरकरार, मथुरा ब्रज स्टार की दमदार वापसी

लखनऊ, 2026। ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ में रविवार को रोमांच और उलटफेर से भरे मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। चौथे दिन खेले गए मैचों में नोएडा ब्लास्टर्स ने अब तक अजेय रही काशी किंग्स को करारी शिकस्त देकर लीग को और रोमांचक बना दिया। वहीं गोरखपुर राउडीज़ ने जीत की हैट्रिक लगाई और मथुरा ब्रज स्टार ने शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की।

केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेली जा रही इस लीग का आयोजन उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह देखने लायक रहा।

नोएडा का दबदबा, काशी की पहली हार
दिन के सबसे चर्चित मुकाबले में नोएडा ब्लास्टर्स ने काशी किंग्स को 36-24 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए नोएडा ने पहले हॉफ में 15-11 की बढ़त बना ली, जिसे उन्होंने अंत तक कायम रखा।

नोएडा की ओर से तौसीफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 गोल दागे। जगमीत ने 7 गोल किए, जबकि मिंटू और मनकेश ने 6-6 गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। काशी की तरफ से मोहित (6 गोल), विमलेश और विपुल (5-5 गोल) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। नोएडा के ध्रुव जाधव को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर’ चुना गया।

गोरखपुर राउडीज़ की लगातार तीसरी जीत
एक अन्य मुकाबले में गोरखपुर राउडीज़ ने बर्बरीक वारियर्स को 29-18 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। गोरखपुर ने पहले हॉफ में 10-5 की बढ़त बनाकर मैच पर पकड़ मजबूत कर ली।

टीम के लिए क्रिशन ने सबसे अधिक 9 गोल किए और उन्हें ‘मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर’ का पुरस्कार मिला। बर्बरीक वारियर्स की ओर से आमिर और अंशू ने 4-4 गोल किए।

मथुरा ब्रज स्टार की दमदार वापसी
तीसरे मुकाबले में मथुरा ब्रज स्टार ने गाजियाबाद पैंथर्स को 29-18 से हराकर जीत की राह पर वापसी की। मथुरा के निहाल सिंह ने 8 गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। शिवा और रवि ने 7-7 गोल कर शानदार सहयोग दिया।

मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मथुरा के प्रदीप को ‘मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर’ चुना गया।

विशेष अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
मैचों के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान, मानस श्रीवास्तव (ब्यूरो चीफ – न्यूज 24), मनु लट्ठ (सीईओ – बी ओ होटल), विजय काजा (राष्ट्रीय हेड – टाटा कैपिटल) और मनोज पाल (रीजनल हेड – टाटा कैपिटल) ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर लीग के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय, सचिव यशवीर सिंह और चयनक प्रधान सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

पांचवें दिन के मुकाबले (13 अप्रैल):

  • काशी किंग्स बनाम मथुरा ब्रज स्टार – 2:15 बजे
  • नोएडा ब्लास्टर्स बनाम गोरखपुर राउडीज़ – 3:40 बजे
  • गाजियाबाद पैंथर्स बनाम बर्बरीक वारियर्स – 5:00 बजे

लीग के आगामी मुकाबलों में भी रोमांच जारी रहने की उम्मीद है, जहां टीमें जीत की लय बरकरार रखने के लिए पूरा जोर लगाएंगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *