नासिक: ‘स्वयंभू बाबा’ के खिलाफ जांच का दायरा बढ़ा, 1,500 करोड़ रुपये की संपत्ति और 100 वीडियो बरामद

मुंबई, 24 मार्च । महाराष्ट्र के नासिक जिले में ‘स्वयंभू बाबा’ और बलात्कार के आरोपी अशोक खरात के खिलाफ चल रही जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने आरोपी से संबंधित करीब 1,500 करोड़ रुपये की संपत्ति और 100 आपत्तिजनक वीडियो बरामद किए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि इस बरामदगी के बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है तथा आयकर विभाग और नासिक पुलिस को भी जांच में शामिल किया गया है। खरात जिले के सिन्नर क्षेत्र में एक मंदिर ट्रस्ट का प्रमुख है और उससे वर्षों से कई राजनीतिक हस्तियां भी मिलने आती रही हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अशोक खरात को 18 मार्च को गिरफ्तार किया गया था, जब 35 वर्षीय एक महिला ने उस पर तीन वर्षों की अवधि में बार-बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। इसके अलावा, सात महीने की गर्भवती महिला और एक अन्य महिला का पुनर्विवाह कराने के नाम पर यौन शोषण करने के आरोप में उसके खिलाफ दो और मामले दर्ज किए गए हैं।

जांच अधिकारियों ने बताया कि साइबर पुलिस बरामद वीडियो की जांच कर रही है, जबकि आयकर विभाग आरोपी और उससे जुड़े लोगों की वित्तीय अनियमितताओं तथा संपत्ति के स्रोतों की पड़ताल कर रहा है। जांच की गंभीरता को देखते हुए कई एजेंसियां संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं, जिसमें डिजिटल फोरेंसिक और वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों का विश्लेषण भी शामिल है।

तेजस्विनी सतपुते के नेतृत्व में गठित एसआईटी आरोपी के खिलाफ दर्ज छह मामलों की जांच कर रही है। टीम ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस मामले से संबंधित कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी हो, तो वह आगे आकर साझा करे। साथ ही सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का आश्वासन दिया गया है।

महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते और राज्य सरकार इस मामले की जांच की निगरानी कर रहे हैं, ताकि जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके और जांच प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *