नई दिल्ली,UNS। निर्देशक अभिषेक नामा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘नागबंधम’ वर्ष 2026 की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म में विराट कर्ण, नाभा नतेश, जगपति बाबू और ऋषभ साहनी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के ऐलान के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।
फिल्म के बढ़ते क्रेज को देखते हुए मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट भी तय कर दी है। ‘नागबंधम’ आगामी 3 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पौराणिक कथाओं और ड्रामे के अनोखे संगम पर आधारित यह फिल्म दर्शकों को एक भव्य और रोमांचक सिनेमाई अनुभव देने का दावा कर रही है।
मेकर्स लगातार फिल्म से जुड़े दिलचस्प कैरेक्टर पोस्टर्स और अपडेट्स जारी कर दर्शकों की उत्सुकता बनाए हुए हैं। हाल ही में जारी किए गए फिल्म के टीजर ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा है, जिसमें एक रहस्यमयी और जादुई दुनिया की झलक देखने को मिली है। दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक, भव्य सेट और प्रभावशाली किरदारों के साथ यह फिल्म बड़े पर्दे पर शानदार विजुअल ट्रीट देने का वादा करती है।
फिल्म भारत की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित कहानी पर आधारित है, जिसमें पौराणिक कथाओं के कुछ अनछुए पहलुओं को नए अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। ‘नागबंधम’ की कहानी, स्क्रीनप्ले और निर्देशन की जिम्मेदारी अभिषेक नामा ने संभाली है, जबकि किशोर अन्नपुरेड्डी और निशिता नागिरेड्डी ने इसका निर्माण किया है।
फिल्म के भव्य निर्माण और दमदार स्टारकास्ट को देखते हुए सिनेमा प्रेमियों को इससे बड़ी उम्मीदें हैं, और माना जा रहा है कि यह फिल्म रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर सकती है।
