देवभूमि के गौरव को पुनर्स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है उत्तराखंड सरकार: धामी

देहरादून, 23 मार्च (RNN)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करने तथा प्रदेश के गौरव को पुनर्स्थापित करने के अपने संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

अपनी सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चार वर्ष पूर्व प्रदेश की जनता ने लगातार दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाकर नया इतिहास रचा था और उसी मैदान में उन्होंने मुख्य सेवक के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। उन्होंने कहा कि उसी समय उन्होंने आंदोलनकारियों के सपनों को पूरा करने और उत्तराखंड के गौरव को पुनर्स्थापित करने का संकल्प लिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा, “आज पूरे संतोष और गर्व के साथ कह सकता हूं कि हम अपने संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं और इसके परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2021 में केदारनाथ धाम से दिए गए संदेश— “21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा”— को साकार करने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य की आर्थिकी में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है और प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस अवधि में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए, स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर लगभग 1,750 हो गई, 2.65 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनीं और रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले चार वर्षों में 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है और 100 से अधिक नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून को आधुनिक और विकसित शहर बनाने के लिए लगभग 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शहर के लिए 401 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने के लिए धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानून लागू कर रही है तथा 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्षी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में खनन और आबकारी क्षेत्र में भ्रष्टाचार होता था, जबकि वर्तमान सरकार की सख्त और पारदर्शी नीतियों के कारण इन क्षेत्रों से राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने कनक चौक से परेड ग्राउंड तक आयोजित रोड शो में भी हिस्सा लिया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *