बंगाल चुनाव में छह हजार से अधिक शतायु और 5.23 लाख नए मतदाता डालेंगे वोट

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार

कोलकाता, 10 मार्च । मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मंगलवार को कहा कि आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 6,000 से अधिक शतायु मतदाता और 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 5.23 लाख नए मतदाता मतदान के लिए पात्र होंगे।

ज्ञानेश कुमार ने बताया कि राज्य में बड़ी संख्या में युवा मतदाता भी चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने जा रहे हैं। उनके अनुसार पश्चिम बंगाल में लगभग 1.31 करोड़ मतदाता 20 से 30 वर्ष की आयु के बीच हैं, जो चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य में 6,000 से अधिक ऐसे मतदाता हैं जिनकी आयु 100 वर्ष से अधिक है, जबकि 18 से 19 वर्ष के बीच के 5.23 लाख मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यह जानकारी उन्होंने निर्वाचन आयोग की पूर्ण बैठक के बाद दी, जिसमें राजनीतिक दलों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पश्चिम बंगाल में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रदेश में अप्रैल में चुनाव होने की संभावना जताई जा रही है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि 85 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 3.78 लाख मतदाताओं को घर से मतदान करने का विकल्प उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें मतदान केंद्र तक जाने में किसी तरह की कठिनाई न हो।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की कुल 294 विधानसभा सीटों में से 210 सामान्य वर्ग के लिए, 68 सीटें अनुसूचित जाति और 16 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।

ज्ञानेश कुमार ने यह भी बताया कि राज्य में 80,000 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से करीब 61,000 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी और इसकी निगरानी निर्वाचन आयोग के अधिकारी करेंगे।

उन्होंने बताया कि 8,000 से अधिक मतदान केंद्रों का संचालन पूरी तरह महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जबकि इनमें से 600 केंद्रों को आदर्श मतदान केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। निर्वाचन आयोग का कहना है कि इन व्यवस्थाओं के माध्यम से चुनाव को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और समावेशी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *