‘मिशन दामिनी’ से बढ़ेगी महिलाओं की सुरक्षा, 250 महिलाएं बनीं पुलिस की आंख और कान

शाहजहांपुर RNN संवाददाता: महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से शाहजहांपुर जनपद में ‘मिशन दामिनी’ पहल की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत जिले की 250 सक्रिय महिलाओं को ‘दामिनी’ के रूप में चयनित किया गया है, जो गांव स्तर पर पुलिस की सहयोगी बनकर कार्य करेंगी।

पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में महिला अधिकारियों की विशेष सहभागिता रही। इस मौके पर एसपी ग्रामीण दीक्षा अरुण भदौरिया ने अभियान की शुरुआत करते हुए इसके उद्देश्यों और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि चयनित ‘दामिनी’ महिलाओं में आशा कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़ी महिलाएं और सामाजिक रूप से सक्रिय सदस्य शामिल हैं। इन महिलाओं का मुख्य दायित्व गांवों में महिलाओं के साथ होने वाले अपराध, उत्पीड़न या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय रहते पुलिस तक पहुंचाना होगा।

कार्यक्रम के दौरान सभी चयनित महिलाओं को सम्मानित भी किया गया और उन्हें जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। एसपी ग्रामीण ने कहा कि इस पहल से पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जिससे अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि ‘मिशन दामिनी’ के माध्यम से न केवल घटनाओं को समय रहते रोका जा सकेगा, बल्कि महिलाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना भी मजबूत होगी।

इस पहल से जनपद में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल बनने की उम्मीद जताई जा रही है और यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *