ओडिशा के एससीबी मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत

भुवनेश्वर, 16 मार्च। ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में रविवार देर रात भीषण आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि मरीजों को बचाने के दौरान 11 अस्पताल कर्मचारी झुलस गए।

अधिकारियों के अनुसार आग देर रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच लगी। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के लिए अभियान शुरू किया। प्रारंभिक आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।

घटना के बाद अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि ट्रॉमा केयर आईसीयू और उससे सटे वार्ड में कुल 23 मरीज भर्ती थे। आग लगने से सात मरीजों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की दम घुटने से जान चली गई।

मुख्यमंत्री ने आग की वजह की जांच के लिए छह सदस्यीय जांच समिति गठित की है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार विकास आयुक्त डी.के. सिंह की अगुवाई में बनी यह टीम अस्पताल का दौरा कर सोमवार शाम तक अपनी रिपोर्ट मुख्य सचिव को सौंपेगी।

इस हादसे पर नरेन्द्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री माझी से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री माझी ने भी राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है और मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अग्निशमन विभाग के महानिदेशक को अस्पताल का दौरा कर अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच करने और जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।

घटना के दौरान दमकलकर्मियों, अस्पताल कर्मचारियों, पुलिस और मरीजों के तीमारदारों ने मिलकर आईसीयू में फंसे मरीजों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल के अन्य वार्डों में स्थानांतरित किया। बचाव अभियान में शामिल 11 चिकित्सा अधिकारी झुलस गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने से पहले अस्पताल में दो बार बिजली गुल हुई थी, जिसके बाद आईसीयू में घना धुआं भर गया। इस दौरान परिजनों और कर्मचारियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर मरीजों को बाहर निकालने की कोशिश की।

घटना पर द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने भी शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री माझी ने स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग के साथ अस्पताल का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के बाद यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *