योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026, महिला वर्ग में लखनऊ की मधु की भी दोहरी खिताबी सफलता
लखनऊ। वेटरन खिलाड़ी लखनऊ के अरुण कक्कड़ ने बेहतरीन कोर्ट कवरेज और अनुभव का शानदार प्रदर्शन करते हुए अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में आयोजित योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में दोहरे खिताब अपने नाम किए। उन्होंने पुरुष एकल 70 वर्ष से अधिक वर्ग के साथ-साथ पुरुष युगल 65 वर्ष से अधिक वर्ग की ट्रॉफी भी जीती।
उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में लखनऊ बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह चैंपियनशिप बीबीडी यूपी बैडमिंटन एकेडमी, विपिन खंड, गोमती नगर में खेली जा रही है।
चैंपियनशिप के तीसरे दिन पुरुष एकल 70 वर्ष से अधिक के फाइनल में अरुण कक्कड़ ने शानदार वापसी करते हुए बरेली के अनिल मेहरोत्रा को 15-21, 21-11, 21-7 से हराकर खिताब जीता। इसके बाद पुरुष युगल 65 वर्ष से अधिक के फाइनल में अरुण कक्कड़ और गोरखपुर के संजय श्रीवास्तव की जोड़ी ने अनिल कुमार भटनागर और पंकज गुप्ता (नोएडा/कानपुर) को 21-10, 21-16 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की।

महिला वर्ग में लखनऊ की मधु ज्ञानचंदानी ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए महिला एकल 45 वर्ष से अधिक का खिताब जीता। फाइनल में उन्होंने गाजियाबाद की अनुराधा शर्मा को कड़े मुकाबले में 8-21, 21-13, 21-17 से हराया। मधु इससे पहले महिला युगल का खिताब भी जीत चुकी हैं। महिला एकल 50 वर्ष से अधिक के फाइनल में लखनऊ की सुषमा सिंह ने उलटफेर करते हुए शीर्ष वरीय गाजियाबाद की सुनीता यादव को 21-4, 21-6 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
अन्य मुकाबलों में मिश्रित युगल 60 वर्ष से अधिक के फाइनल में महेंद्र सिंह और रेखा सिंह (लखनऊ/गाजियाबाद) ने मृदुल बत्रा और ममता रानी यादव (बरेली/नोएडा) को 21-12, 21-13 से हराया। पुरुष एकल 55 वर्ष से अधिक के फाइनल में कानपुर के पवन गुप्ता ने जौनपुर के धर्मेंद्र शर्मा को 21-18, 21-8 से पराजित किया। पुरुष एकल 75 वर्ष से अधिक वर्ग में वाराणसी के योगेंद्र कुमार जायसवाल ने लखनऊ के जगदीश सिंह कुशवाहा को 21-6, 21-2 से हराकर खिताब जीता।
मिश्रित युगल 45 वर्ष से अधिक के फाइनल में रविंद्र सिंह और कल्पना सिंह (नोएडा/लखनऊ) की जोड़ी ने शीर्ष वरीय शैलेंद्र पावाह और मधु ज्ञानचंदानी (लखनऊ) को 21-18, 21-11 से हराकर उलटफेर के साथ खिताब अपने नाम किया।
चैंपियनशिप के चौथे और अंतिम दिन रविवार को भी कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
