Lucknow: माता बड़ी भुइयन मंदिर में 13वें सुमेरू रूद्रमहायज्ञ का शुभारंभ, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

लखनऊ। राजधानी के आईआईएम रोड स्थित ख्याति प्राप्त माता बड़ी भुइयन मंदिर में आज 13वां सुमेरू रूद्रमहायज्ञ शुभारंभ हुआ। इस वर्ष का महायज्ञ मंदिर में अग्नि स्थापना के साथ शुरू हुआ। इससे पहले शनिवार को मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कलश यात्रा में माता चन्द्रिका देवी मंदिर में पूजन-अर्चन के बाद मां गोमती नदी से जल लेकर कलश में भर कर बड़ी भुइयन माता मंदिर लौटे।

मंदिर परिसर में आनंद गिरि सेवा ट्रस्ट प्रमुख एवं तपस्वी नागा साधु आनंद गिरि महाराज, चित्रकूट से आए आयार्च शिवाकान्त द्विवेदी और कुशल पुरोहितों के नेतृत्व में पूरे विधि-विधान के साथ नौ कुण्डीय सुमेरू रूद्रमहायज्ञ का शुभारंभ किया गया। यह महायज्ञ 5 नवंबर तक चलेगा और इसमें श्रद्धा एवं आस्था का अनूठा संगम देखा गया।

तपस्वी नागा साधु आनंद गिरि महाराज ने बताया कि इस महायज्ञ का उद्देश्य विश्व कल्याण, लोगों में सद्बुद्धि और सद्व्यवहार, तथा धर्म के विकास के लिए विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन करना है। उन्होंने बताया कि यह नौ कुण्डीय सुमेरू रूद्रमहायज्ञ मंदिर परिसर में प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है और इस वर्ष भी यही परंपरा जारी रही।

मंदिर में विधि-विधान के साथ यज्ञ की आग में हवन सामग्री डालते हुए श्रद्धालुओं ने आस्था और भक्ति का परिचय दिया। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और कलश यात्रा के दौरान भक्तों ने मां बड़ी भुइयन की आराधना की।

इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान का समापन 4 नवंबर को पूर्णाहुति के साथ होगा। इसके उपरांत 5 नवंबर को मंदिर में भव्य भंडारा, वार्षिक मेला और रावण दहन का आयोजन किया जाएगा, जिससे यह पांच दिवसीय धार्मिक महोत्सव पूर्ण रूप से संपन्न होगा। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तों और आगंतुकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

माता बड़ी भुइयन मंदिर में आयोजित यह महायज्ञ न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक उत्सव का भी माध्यम बनता जा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *