केएसएम यूनुस टेनिस प्रतियोगिता : अंशुमान और एकलव्य क्वार्टर फाइनल में

लखनऊ, 31 मार्च 2026,RNN। उत्तर प्रदेश के पांचवीं वरीय खिलाड़ी अंशुमान सिंह और एकलव्य सिंह ने प्रथम स्वर्गीय डॉ. केएसएम यूनुस आइटा पुरस्कार राशि टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मुख्य ड्रॉ के दूसरे दिन जीत दर्ज कर पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में स्थान सुरक्षित कर लिया।

इरम समूह शिक्षण संस्थान द्वारा प्रायोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश टेनिस संघ के तत्वावधान में एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा ला मार्टिनियर कॉलेज स्थित लॉन टेनिस परिसर में किया जा रहा है।

पुरुष एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में पांचवीं वरीय उत्तर प्रदेश के अंशुमान सिंह ने अपने ही राज्य के वंश यादव को 6-4, 6-4 से पराजित किया। वहीं एकलव्य सिंह ने उत्तर प्रदेश के ऋषि यादव के खिलाफ थोड़े संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6-3, 6-3 से जीत हासिल की। हालांकि एकल वर्ग में अन्य मेजबान खिलाड़ियों को हार का सामना करना पड़ा।

अन्य प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में शीर्ष वरीय महाराष्ट्र के अथर्व शर्मा ने दिल्ली के वंश बिष्ट को बेहद रोमांचक मुकाबले में 6-4, 2-6, 7-6 (10) से शिकस्त दी। दूसरी वरीय दिल्ली के सार्थक सूदन ने दिल्ली के आदित्य कोठारी को 6-3, 6-1 से हराया, जबकि चौथी वरीय तमिलनाडु के मुकिल रामानन ने बिहार के वैभव सिंह को 6-3, 6-3 से मात दी।

इसके अलावा क्वालीफायर हरियाणा के सुनील कुमार ने केरल के अरुण कुमार कौशिक को 6-1, 6-1 से, क्वालीफायर राजस्थान के अमित ने महाराष्ट्र के पार्थ आर. पाटिल को 6-4, 6-3 से और हरियाणा के हर्ष मलिक ने पश्चिम बंगाल के आदित्य कुमार को 1-6, 6-1, 6-0 से पराजित करते हुए अंतिम आठ में जगह बनाई।

पुरुष युगल में दो मुकाबलों का फैसला सुपर टाई-ब्रेक में

दूसरी ओर, मंगलवार से शुरू हुए पुरुष युगल वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। अरुण कुमार कौशिक और यशार्थ चड्ढा की जोड़ी ने शोभित टंडन और सौरभ कुमार सिंह को सुपर टाई-ब्रेक में 6-1, 3-6, 14-12 से हराया।

इसी तरह राजेश्वर और पांशुल ओबोवेजा ने कड़े मुकाबले में वंश यादव और ऋषि यादव की जोड़ी को 0-6, 6-4, 10-3 से पराजित किया। वहीं अथर्व शर्मा और अनूप महादेव ने अमित और पार्थ आर. पाटिल को 7-6 (3), 7-5 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

अन्य युगल मुकाबलों में सार्थक सूदन और अमृत ने पुलकित पटवारी और आदित्य कोठारी को 6-3, 6-4 से, वंश बिष्ट और मुकिल रामानन ने जॉय दास और वैभव सिंह को 6-0, 6-3 से, ध्रुव घंघास और हर्ष मलिक ने अनुज कुमार और अनुरुद्ध कुमार को 6-3, 6-3 से पराजित किया।

इसके अलावा सुनील कुमार और एकलव्य सिंह ने परम चंद्रा और पार्थ सारथी शर्मा को 6-0, 6-2 से तथा चिन्मय देव चौहान और अंशुमान सिंह ने फैज किदवई और मेहर खोसला को 6-2, 6-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *