दुबई, 23 मार्च । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए दी गई समय सीमा बढ़ाते हुए घोषणा की है कि अमेरिका अगले पांच दिन तक ईरान के बिजली संयंत्रों पर कोई हमला नहीं करेगा।
ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच ‘‘बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत’’ हुई है, जिससे युद्ध का ‘‘पूर्ण और निर्णायक समाधान’’ निकल सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत पूरे सप्ताह जारी रहेगी और बिजली संयंत्रों पर हमले की योजना को स्थगित करना इन वार्ताओं की सफलता पर निर्भर करेगा।
हालांकि, ईरान ने दोनों देशों के बीच किसी भी प्रत्यक्ष वार्ता की पुष्टि नहीं की है। ईरान के अर्द्धसैन्य बल रिवोल्यूशनरी गार्ड से जुड़ी समाचार एजेंसियों ने दावा किया है कि तेहरान और वाशिंगटन के बीच कोई बातचीत नहीं हुई है।
इससे पहले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने तुर्किये के विदेश मंत्री हाकान फिदान से फोन पर बातचीत की थी। तुर्किये इससे पहले भी ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभाता रहा है।
ट्रंप की यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब संयुक्त अरब अमीरात ने बताया कि उसकी हवाई रक्षा प्रणाली ईरान की ओर से हो रही गोलाबारी को रोकने का प्रयास कर रही है। वहीं, सोमवार को इजराइल ने ईरानी राजधानी तेहरान पर फिर से हमले शुरू किए, जिससे कई स्थानों पर विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।
युद्ध अब चौथे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है। अमेरिका द्वारा मध्य पूर्व में अतिरिक्त युद्धपोत और मरीन सैनिकों की तैनाती के बीच ईरान ने किसी भी संभावित जमीनी हमले के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी है।
अधिकारियों के अनुसार, इस संघर्ष में अब तक भारी जनहानि हुई है। इजराइली हमलों में लेबनान में 1,000 से अधिक लोगों की मौत और 10 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हुए हैं। वहीं ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हमलों में मरने वालों की संख्या 1,500 से अधिक हो चुकी है, जबकि इजराइल में ईरानी हमलों में 15 लोगों की मौत हुई है।
