कोलकाता, 2 अप्रैल (UNS)। सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के मुकाबले में गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रन से हराकर टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज की। 227 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता की पूरी टीम 16 ओवर में 161 रन पर सिमट गई और मुकाबला एकतरफा हो गया।
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 226 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से हेनरिच क्लासेन ने 35 गेंदों में 52 रन की जुझारू अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि ट्रैविस हेड ने 21 गेंदों पर 46 रन और अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 48 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।
हेड और अभिषेक ने पहले विकेट के लिए मात्र 34 गेंदों में 82 रन की विस्फोटक साझेदारी की, जिससे हैदराबाद ने शुरुआती ओवरों में ही करीब 15 रन प्रति ओवर की रफ्तार से रन बटोर लिए। हालांकि इसके बाद ब्लेसिंग मुजरबानी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके और कोलकाता को मुकाबले में वापस लाने की कोशिश की।
मुजरबानी ने कप्तान इशान किशन (14) और सेट बल्लेबाज अभिषेक को लगातार गेंदों पर आउट कर हैदराबाद की रफ्तार पर ब्रेक लगाया। एक समय हैदराबाद की टीम आठ ओवर में एक विकेट पर 110 रन बनाकर बेहद मजबूत स्थिति में थी, लेकिन इसके बाद उसने सात रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए।
मध्यक्रम में क्लासेन और नीतिश कुमार रेड्डी (39) ने 53 गेंदों में 82 रन की अहम साझेदारी कर पारी को संभाला और अंतिम ओवरों में तेजी से रन जोड़ते हुए टीम को 220 के पार पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत खराब रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। मध्यक्रम के युवा बल्लेबाज रघुवंशी ने संघर्षपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिलने के कारण उनकी मेहनत बेकार चली गई और पूरी टीम 161 रन पर ढेर हो गई।
हैदराबाद की इस जीत में तेज गेंदबाजों और शीर्ष क्रम की आक्रामक बल्लेबाजी की अहम भूमिका रही, जबकि कोलकाता को घरेलू मैदान पर गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों विभागों में कमजोर प्रदर्शन का खामियाजा भुगतना पड़ा।
