हेटमायर की तूफानी पारी, शेफर्ड की हैट्रिक से वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को 35 रन से हराया

शिमरोन हेटमायर की आक्रामक अर्धशतकीय पारी

कोलकाता। शिमरोन हेटमायर की आक्रामक अर्धशतकीय पारी और रोमारियो शेफर्ड की हैट्रिक सहित पांच विकेट की बदौलत दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज ने शनिवार को टी20 विश्व कप के ग्रुप सी मुकाबले में स्कॉटलैंड को 35 रन से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हेटमायर के 36 गेंदों में 64 रन की विस्फोटक पारी के दम पर पांच विकेट पर 182 रन बनाए। इसके जवाब में स्कॉटलैंड की टीम 18.5 ओवर में 147 रन पर सिमट गई।

रोमारियो शेफर्ड ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 20 रन देकर पांच विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने पांच गेंदों के भीतर चार विकेट लेते हुए मैथ्यू क्रॉस, माइकल लीस्क और ओलिवर डेविडसन को आउट कर हैट्रिक पूरी की। यह शेफर्ड की टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चार महीने के भीतर दूसरी हैट्रिक है। इससे पहले उन्होंने अक्टूबर में बांग्लादेश के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी।

लक्ष्य का पीछा करते हुए स्कॉटलैंड की ओर से कप्तान रिची बेरिंग्टन ने 24 गेंदों में 42 रन (तीन चौके, दो छक्के) की तेज पारी खेली, जबकि टॉम ब्रूस ने 28 गेंदों में 35 रन (एक चौका, दो छक्के) बनाए। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 47 गेंदों में 78 रन की साझेदारी की, लेकिन इसके टूटते ही स्कॉटलैंड की पारी लड़खड़ा गई।

वेस्टइंडीज के लिए जेसन होल्डर ने बेरिंग्टन को आउट कर अपने 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे किए और इस मुकाम तक पहुंचने वाले टीम के पहले गेंदबाज बने। हेटमायर ने क्षेत्ररक्षण में भी कमाल दिखाते हुए कवर पर जॉर्ज मन्सी का एक हाथ से शानदार कैच लपका।

इससे पहले बल्लेबाजी में वेस्टइंडीज की शुरुआत धीमी रही। पावरप्ले में टीम बिना विकेट गंवाए सिर्फ 33 रन ही बना सकी। 10 ओवर में स्कोर दो विकेट पर 66 रन था, लेकिन इसके बाद हेटमायर ने स्पिनरों पर आक्रामक रुख अपनाते हुए मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने महज 22 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 11 से 15 ओवर के बीच टीम ने 72 रन जोड़ दिए।

हेटमायर को रोवमैन पॉवेल (14 गेंदों में 24 रन) का अच्छा साथ मिला। दोनों ने 37 गेंदों में 81 रन की साझेदारी कर वेस्टइंडीज को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हेटमायर की पारी का अंत ब्रैंडन मैकमुलेन ने बाउंड्री पर दौड़ते हुए एक हाथ से शानदार कैच लेकर किया।

स्कॉटलैंड की ओर से गेंदबाजी में ब्रैड करी सबसे सफल रहे, जिन्होंने 23 रन देकर दो विकेट झटके। वामहस्त स्पिनर ओलिवर डेविडसन ने पदार्पण करते हुए तीन ओवर में 23 रन देकर एक विकेट लिया।

इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने 2022-23 में स्कॉटलैंड से मिली हार का बदला भी चुकता किया और टी20 क्रिकेट में एसोसिएट देशों के खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज की।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *