सरोजनीनगर में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला: बढ़ती NCDs पर चिंता, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से Max Super Speciality Hospital Lucknow द्वारा हेल्थ केयर ट्रस्ट के सहयोग से ‘पॉजिटिव थिंकिंग, हेल्दी लाइफ’ विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरोजनीनगर के विधायक डॉ राजेश्वर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने गैर-संचारी रोगों (NCDs) की बढ़ती चुनौती पर गंभीर चिंता व्यक्त की।

अपने संबोधन में डॉ सिंह ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला हैं और विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वैश्विक अध्ययनों के अनुसार भारत में गैर-संचारी बीमारियों का बोझ तेजी से बढ़ा है। मधुमेह और हृदय रोग जैसे रोग कम उम्र में भी सामने आ रहे हैं, जो न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य बल्कि राष्ट्रीय उत्पादकता और अर्थव्यवस्था पर भी गहरा प्रभाव डालते हैं।

उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, संतुलित जीवनशैली, नियमित व्यायाम और समय पर स्वास्थ्य जांच ही इन बीमारियों से बचाव का प्रभावी उपाय है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और निवारक चिकित्सा को प्राथमिकता दें।

कार्यक्रम के दौरान डॉ सिंह ने सरोजनीनगर क्षेत्र में विकसित हो रहे स्वास्थ्य ढांचे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि Sanjay Gandhi Postgraduate Institute of Medical Sciences सहित कई प्रमुख चिकित्सा संस्थानों की उपस्थिति से यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश की “स्वास्थ्य राजधानी” के रूप में उभर रहा है। साथ ही, वृंदावन योजना में निर्माणाधीन 900 बेड का नया मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का महत्वपूर्ण संकेत है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा संस्थानों का निर्माण आवश्यक है, लेकिन समाज में वास्तविक परिवर्तन तभी संभव है जब लोग अपनी जीवनशैली में सुधार करें। संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना आज की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में मैक्स लखनऊ के निदेशक प्रमित मिश्रा, हेल्थ केयर ट्रस्ट के अध्यक्ष सरित सिंह, डॉ देबज्योति धर, डॉ प्रीति शर्मा तथा आशीष शर्मा सहित अनेक विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य जागरूकता, मानसिक संतुलन और जीवनशैली प्रबंधन पर विचार साझा किए। बड़ी संख्या में उपस्थित प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की।

अंत में डॉ राजेश्वर सिंह ने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी जनस्वास्थ्य को केंद्र में रखकर ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का आह्वान किया। आयोजकों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य नागरिकों में जागरूकता बढ़ाकर एक स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण करना है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *