जनसुनवाई से जनकल्याण तक: 161वें ‘आपका विधायक आपके द्वार’ शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण पर विशेष जोर

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के द्वितीय वार्ड, विष्णुलोक कॉलोनी (कृष्णा नगर) में आयोजित साप्ताहिक ‘आपका विधायक आपके द्वार’ शिविर जनसमस्याओं के समाधान, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और युवा सशक्तिकरण का प्रभावी मंच बनकर उभरा। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस 161वें शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे प्रशासन के समक्ष रखे।

शिविर के दौरान टीम राजेश्वर ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया। इस पहल का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि प्रत्येक समस्या का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है।

इस दौरान सड़क, नाली एवं नाला निर्माण, लैपटॉप, ओपन जिम, साइकिल वितरण, मंदिर जीर्णोद्धार, मोबाइल सहायता, शस्त्र लाइसेंस, गैस पाइपलाइन, सामाजिक एवं आर्थिक सहयोग, पुलिस संबंधित विषय, सोलर हाईमास्ट, वृद्धा एवं विधवा पेंशन, आयुष्मान कार्ड और विद्युत पोल सहित कुल 43 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 3 मामलों का मौके पर ही समाधान कर प्रशासनिक तत्परता का उदाहरण प्रस्तुत किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य सुरक्षा के संकल्प के तहत टेंडर पाम हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 108 वरिष्ठ नागरिकों का नेत्र परीक्षण किया गया तथा अन्य लोगों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही 3 वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। शिविर में विशेष सहयोग देने वाले चिकित्सकों को माता पीतांबरा की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इंटरमीडिएट के चार मेधावी छात्र-छात्राओं—अर्पिता अस्थाना (93%), हर्षिता मिश्रा (76.2%), प्रत्यूष शुक्ला (78%) और आरूष सिंह (75%)—को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे युवाओं में उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ।

युवा सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 175वां बॉयज यूथ क्लब और 111वां गर्ल्स यूथ क्लब का गठन किया गया। इन क्लबों को क्रिकेट, वॉलीबॉल, फुटबॉल और कैरम सहित विभिन्न खेल सामग्री प्रदान की गई, जिससे युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सेवा, संवाद और समाधान की नीति के माध्यम से सरोजनीनगर में जनविश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल समस्याओं को सुनने का माध्यम नहीं, बल्कि जनकल्याण और विकास की दिशा में ठोस कदम उठाने का प्रभावी मंच है।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही क्षेत्र की पहचान बन चुकी ‘तारा शक्ति निःशुल्क रसोई’ के माध्यम से सभी उपस्थित लोगों को ताजा और पौष्टिक भोजन भी उपलब्ध कराया गया, जो सेवा और सामाजिक सहयोग का प्रेरक उदाहरण बना।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *