लखनऊ, 16 जून। राजधानी में घर या प्लॉट खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) अपनी महत्वाकांक्षी वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजनाओं को 30 जून को लॉन्च करने जा रहा है। दोनों योजनाओं में भूखंडों की दरें भी तय कर दी गई हैं।
LDA के अनुसार, वरुण विहार योजना में भूखंड 3000 रुपये प्रति वर्ग फुट और नैमिष नगर योजना में 3200 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 30 जून को इन दोनों योजनाओं का शिलान्यास और औपचारिक शुभारंभ कर सकते हैं।
दोनों योजनाओं के तहत दो-दो सेक्टरों में 3100 से अधिक आवासीय भूखंडों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इन भूखंडों का आकार 72 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर तक निर्धारित किया गया है, जिससे विभिन्न आय वर्ग के लोगों को अपनी आवश्यकता के अनुसार विकल्प मिल सकेंगे।
LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने योजनाओं की लॉन्चिंग को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। वरुण विहार योजना के प्रथम चरण में 1926 आवासीय भूखंडों की बुकिंग खोली जाएगी, जबकि नैमिष नगर योजना में 1179 भूखंडों के लिए पंजीकरण शुरू होगा।
LDA अधिकारियों का कहना है कि दोनों योजनाएं आधुनिक बुनियादी सुविधाओं से युक्त होंगी। सड़कों, हरित क्षेत्र, जलापूर्ति, विद्युत व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इन योजनाओं का विकास किया जाएगा।
राजधानी में बढ़ती आवासीय मांग को देखते हुए एलडीए की इन दोनों परियोजनाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लॉन्चिंग के बाद इच्छुक आवेदक LDA की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे।
