लखनऊ, 16 जून। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के अपर आवास आयुक्त एवं सचिव नीरज शुक्ला ने मंगलवार को वृंदावन योजना स्थित परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी निर्धारित समय पर अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल स्पष्टीकरण लेने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नीरज शुक्ला ने विभिन्न अनुभागों और कार्यालय कक्षों का दौरा कर कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली और कार्यालय व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में अनुशासन और समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यों का निष्पादन प्रभावी ढंग से हो सके।
अपर आवास आयुक्त ने कहा कि जनहित से जुड़े विभागों में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि इसका सीधा असर आम नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं पर पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों को कार्य संस्कृति में सुधार लाने और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में कुछ अनधिकृत व्यक्ति भी मौजूद मिले। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे लोगों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय परिसर में केवल अधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कार्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नीरज शुक्ला ने कहा कि कार्यालय परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित और कार्य के अनुकूल बनाए रखना सभी कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया। साथ ही परिषद में पारदर्शी, जनोन्मुखी और उत्तरदायी कार्य संस्कृति विकसित करने पर बल दिया।
इस दौरान उप आवास आयुक्त (लखनऊ जोन) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपर आवास आयुक्त को कार्यालय की व्यवस्थाओं और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।
