मुंबई, 15 जून (RNN)। भारतीय टेलीविजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय धारावाहिकों और फिल्मों में अपनी पहचान बना चुकीं युवा अभिनेत्री संचिता उगाले का निधन हो गया। पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय अभिनेत्री का शव मुंबई से सटे नालासोपारा (पूर्व) स्थित अचोले विलेज की साईं संतोषी बिल्डिंग में उनके फ्लैट के बेडरूम में मिला।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अचोले पुलिस थाने के अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि संचिता ने स्वयं को कमरे में बंद कर लिया था। रविवार शाम करीब सात बजे परिजनों ने उन्हें कमरे में अचेत अवस्था में पाया और तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अभिनेत्री के पिता मच्छिंद्र उगाले की शिकायत के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में जांच दल परिजनों, मित्रों और सहकर्मियों से पूछताछ कर संभावित कारणों का पता लगाने में जुटा है।
संचिता उगाले ने कम समय में टेलीविजन और फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने लोकप्रिय धारावाहिक ‘कुमकुम भाग्य’ में ‘दिया टंडन’ की भूमिका निभाकर दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। इसके अलावा वे ‘साजन घर’, ‘दिलवाली दूल्हा ले जाएगी’ और ‘वागले की दुनिया’ जैसे धारावाहिकों में भी नजर आई थीं।
छोटे पर्दे के साथ-साथ उन्होंने फिल्मों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वे अभिनेता मनोज बाजपेयी अभिनीत फिल्म ‘साइलेंस-2 : द नाइट आउल बार शूटआउट’ में दिखाई दी थीं। वहीं अभिनेता विक्की कौशल की ऐतिहासिक फिल्म ‘छावा’ में उन्होंने महारानी ताराबाई के बाल्यकाल की भूमिका निभाई थी।
संचिता उगाले के निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। सहकर्मियों और प्रशंसकों ने उनके असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते दबाव और आत्महत्या जैसी घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं से जीवन को सकारात्मक दृष्टि से देखने की अपील की थी। उनके अचानक निधन की खबर से उनके प्रशंसकों और मनोरंजन जगत के लोगों को गहरा सदमा पहुंचा है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
