महिला टी20 विश्व कप: भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से हराया, दीप्ति शर्मा ने रचा विश्व रिकॉर्ड

नई दिल्ली, 14 जून (यूएनएस)। आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए पाकिस्तान को 64 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 170 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 106 रन पर सिमट गई।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 18 रन के स्कोर पर दो विकेट गिर गए। इसके बाद सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने जिम्मेदारी संभालते हुए 44 गेंदों पर 64 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन का योगदान दिया, जबकि ऋचा घोष ने अंतिम ओवरों में 17 गेंदों पर 34 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम का स्कोर 170 रन तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय स्पिन आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी। पाकिस्तान के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे और पूरी टीम 106 रन पर ढेर हो गई।

भारत की जीत की सबसे बड़ी नायिका दीप्ति शर्मा रहीं। उन्होंने चार ओवर में मात्र 10 रन देकर पांच विकेट झटके। इसी प्रदर्शन के साथ दीप्ति शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 350 विकेट लेने वाली दुनिया की पहली स्पिन गेंदबाज बन गईं। उन्होंने गुल फिरोजा, आयशा जफर, आलिया रियाज, नाशरा संधू और तस्मिया रुबाब को पवेलियन भेजा।

भारतीय गेंदबाज श्रीचरणी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

भारत की इस जीत से टीम का मनोबल बढ़ा है और उसने टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत का संकेत दिया है। वहीं पाकिस्तान को पहले ही मुकाबले में करारी हार का सामना करना पड़ा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *