सरकार जरूरतमंदों के साथ, हर समस्या का होगा समाधान : योगी

गोरखपुर, 14 जून (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और पात्र लोगों की समस्याओं का हर संभव समाधान किया जाएगा। रविवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए करीब 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं।

मुख्यमंत्री ने एक-एक कर लोगों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

राजस्व और पुलिस संबंधी शिकायतों पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है। उन्होंने कहा, “आप अपने परिजनों के स्वास्थ्य की चिंता करें, इलाज की चिंता सरकार पर छोड़ दें।”

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र और जरूरतमंद लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं, ताकि उन्हें निःशुल्क उपचार का लाभ मिल सके। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी गरीब व्यक्ति इलाज या अन्य आवश्यक सुविधाओं से वंचित न रहे और प्रत्येक पात्र नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *