लखनऊ,13 जून 2026 (यूएनएस)। नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद अपनी पार्टी से विधानसभा चुनाव में टिकट देने के लिए इंटरव्यू ले रहे हैं। 13 से 18 जून तक 6 दिन लखनऊ के वीवीआईपी गेस्ट हाउस में अपने सामने बैठाकर उम्मीदवारों से सवाल पूछेंगे।
शनिवार को पहले दिन सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल से विधायकी उम्मीदवार लखनऊ पहुंचे। इंटरव्यू देकर गेस्ट हाउस से बाहर निकले सहारनपुर के उम्मीदवार ने कहा भाई के लिए जान दे देंगे। हम पूरी तैयारी के साथ आए हैं। वहीं, रामपुर से आए टिकट के उम्मीदवार ने कहा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी को कैसे आगे बढ़ाना है, इस पर चर्चा की।
उन्होंने हमारे क्षेत्र में वोटर्स की कुल संख्या और जातिगत समीकरण पर भी सवाल किए। बिजनौर से आए निहाल सिंह- मेरी बिजनौर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी है। आज विधायकी के भावी उम्मीदवारों से इंटरव्यू लिया जा रहा है। आज तीन मंडल के उम्मीदवार आए हैं। बच्चा-बच्चा जान देने को तैयार है चंद्रशेखर भाई के लिए।
सत्ता परिवर्तन करके रहेंगे। चंद्रशेखर भाई को सीएम बनाएंगे। ये आंधी है। मुजफ्फरनगर से आए कमल गौतम ने बताया- सांसदजी का आदेश है कि सभी उम्मीदवारों को बुलाकर उनसे बातचीत की जाएगी। समझा जाएगा वे किस तरह से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। बड़ी-बड़ी पार्टियां धांधली से चुनाव करा रही हैं। इसीलिए हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष (चंद्रशेखर आजाद) खुद अपने उम्मीदवारों से मिलेंगे और चुनेंगे। उसके बाद आदेश करेंगे कैसे चुनाव लड़ना है। तब चुनाव लड़ा जाएगा।
रामपुर से इंटरव्यू देने आए नरेश कुमार गौतम से चंद्रशेखर आजाद ने 20 मिनट तक लिया। नरेश ने बताया- मुझे देखते ही राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नाम से पुकारा। मुझे अच्छा लगा कि वह मेरा नाम जानते हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी को कैसे आगे बढ़ाना है, इस पर चर्चा की। उन्होंने हमारे क्षेत्र में वोटर्स की कुल संख्या और जातिगत समीकरण पर भी सवाल किए।
उन्होंने जो भी पूछा, उसका मैंने जवाब दिया। रामपुर की मिलक विधानसभा सीट से आए प्रदीप कुमार ने कहा भैया हमारे लिए प्रेरणा हैं। उन्हें देखकर ऊर्जा मिली। लगा कि मैं भी कुछ कर सकता हूं। भैया ने फैक्ट पर बात की। भैया ने जब पूछा कि आपका मोटिव क्या है तो मैंने बताया कि बहुजन समाज से शासक होना चाहिए, ताकि वह बहुसंख्यकों की बात सुन सके। इस पर भैया ने कहा कि ठीक है, लगे रहिए। मेहनत करिए।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील चित्तौड़ ने बताया कि चंद्रशेखर विधानसभा टिकट के दावेदारों का सीधे साक्षात्कार लेंगे। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों के मंडलीय अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे, ताकि उम्मीदवारों की संगठनात्मक पकड़ और जनाधार का आकलन किया जा सके। इंटरव्यू के लिए सभी मंडलों का चरणबद्ध टाइमटेबल जारी किया है।
13 जून को सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल के दावेदारों का इंटरव्यू लिया जा रहा है। 14 जून को बरेली, आगरा और अलीगढ़ मंडल के संभावित उम्मीदवारों का साक्षात्कार होगा। वहीं, 15 जून को लखनऊ, अयोध्या और देवीपाटन मंडल के टिकट दावेदारों को बुलाया गया है।
