लखनऊ-दिल्ली उड़ान में बम की सूचना से मचा हड़कंप, जांच में निकली फर्जी धमकी

लखनऊ, 12 जून 2026 (यूएनएस)। लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में बम होने की सूचना मिलने से शुक्रवार सुबह अमौसी हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की गहन जांच के बाद धमकी पूरी तरह फर्जी निकली और विमान में सवार सभी 180 यात्री सुरक्षित पाए गए।

शौचालय में मिला धमकी भरा संदेश, 180 यात्रियों की सुरक्षा जांच के बाद विमान रवाना

जानकारी के अनुसार इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-2111 को सुबह 10:45 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी। सभी यात्री विमान में सवार हो चुके थे, तभी शौचालय में एक टिश्यू पेपर पर बम विस्फोट की धमकी लिखी हुई मिली। सूचना मिलते ही पायलट ने तत्काल हवाई यातायात नियंत्रण कक्ष को इसकी जानकारी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विमान को रोक दिया गया और बम निरोधक दस्ता, श्वान दल, अग्निशमन दल तथा चिकित्सकीय टीम को मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान के हर हिस्से की बारीकी से जांच की। कई घंटे चली तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

जांच के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत थी और धमकी पूरी तरह झूठी निकली। इसके बाद यात्रियों और एयरपोर्ट प्रशासन ने राहत की सांस ली।

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद विमान को दिल्ली के लिए रवाना करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। वहीं, धमकी भरा संदेश लिखने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए जांच एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *