ओमान तट के निकट जहाज पर हमले में हमीरपुर के आदित्य शर्मा की मौत, क्षेत्र में शोक

हमीरपुर, 11 जून 2026 (यूएनएस)। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के गलोड़ क्षेत्र के निवासी युवा नाविक आदित्य शर्मा की ओमान तट के निकट स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में एक जहाज पर हुए हमले में मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, आदित्य शर्मा पालाउ ध्वज वाले तेल टैंकर एमटी सेटेबेलो पर डेक कैडेट के रूप में कार्यरत थे। वह पिछले वर्ष नवंबर में ड्यूटी पर गए थे। आदित्य अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनके पिता राजेश कुमार जालंधर में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं।

परिजनों के अनुसार, बुधवार रात कंपनी अधिकारियों ने सूचना दी कि घटना के समय जहाज पर कुल 24 चालक दल के सदस्य मौजूद थे। इनमें से 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि तीन लोगों की मृत्यु हो गई, जिनमें आदित्य शर्मा भी शामिल हैं।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद तहसीलदार गलोड़ केशव कुमार ने परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। बड़सर क्षेत्र के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह घटना 10 जून को हुई। अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि संबंधित तेल टैंकर पर कार्रवाई की गई थी। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की आधिकारिक जांच और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

परिजनों ने बताया कि कुछ समय पहले आदित्य ने जहाज पर कार्य परिस्थितियों को लेकर चिंता व्यक्त की थी। वहीं, सांसद अनुराग ठाकुर  के स्तर पर भी विदेश मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

आदित्य शर्मा के निधन की खबर से गलोड़ और आसपास के क्षेत्रों में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत युवक को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *