लखनऊ, 9 जून। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद (पॉलीटेक्निक), उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश की राजकीय, अनुदानित, पीपीपी मोड एवं निजी क्षेत्र की पॉलीटेक्निक संस्थाओं में विभिन्न डिप्लोमा तथा पोस्ट डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक)-2026 का सफल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण आयोजन संपन्न हो गया है।
यह परीक्षा 2 जून से 9 जून तक प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थापित परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) प्रणाली के माध्यम से आयोजित की गई। प्रदेश की तकनीकी शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाओं में शामिल इस परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों को इंजीनियरिंग, फार्मेसी, प्रौद्योगिकी, प्रबंधन, परिधान प्रौद्योगिकी, होटल प्रबंधन सहित विभिन्न रोजगारोन्मुखी एवं कौशल आधारित पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर प्राप्त होता है।
परीक्षा का आयोजन पूर्णतः कंप्यूटर आधारित प्रणाली से किए जाने के कारण पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीकी रूप से सुदृढ़ रही। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए परिषद द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षित प्रवेश व्यवस्था तथा तकनीकी सहायता टीमों की तैनाती के साथ अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए।
परिषद द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आयोजित समूह-ए में 2,07,229 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,67,921 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए।
फार्मेसी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए आयोजित समूह-ई1 एवं ई2 में 1,64,312 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,29,977 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के द्वितीय वर्ष में प्रवेश (लेटरल एंट्री) हेतु आयोजित समूह-के1 से के8 में 35,680 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 25,663 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
वहीं, समूह-बी, सी, डी, एफ, जी, एच, आई एवं एल के अंतर्गत विभिन्न विशिष्ट एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए 16,574 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 10,741 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए।
इस प्रकार विभिन्न समूहों में कुल 4,23,795 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3,34,302 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। परिषद ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी जिला प्रशासन, परीक्षा केंद्रों, तकनीकी सहयोगी संस्थाओं एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया है।
