निर्धन विद्यार्थियों की पढ़ाई नहीं रुकेगी, सरकार करेगी हर संभव मदद : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, 08 जून 2026 (यूएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान एक छात्रा की उच्च शिक्षा से जुड़ी समस्या पर संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने उसकी पढ़ाई में हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

जनता दर्शन में अपनी वृद्ध मां के साथ पहुंची एक छात्रा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसने इंटरमीडिएट परीक्षा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की है और बीटेक की पढ़ाई करना चाहती है, लेकिन आर्थिक तंगी उसके सपनों के आड़े आ रही है। छात्रा की मार्कशीट देखने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उसे लखनऊ के किसी अच्छे संस्थान में प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने छात्रा से कहा कि वह पढ़ाई पर पूरा ध्यान दे और आर्थिक परेशानियों की चिंता न करे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार किसी भी निर्धन या जरूरतमंद छात्र-छात्रा की शिक्षा आर्थिक अभाव के कारण बाधित नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद छात्रा और उसकी मां ने उनका आभार व्यक्त किया।

जनता दर्शन में कई लोगों ने पुलिस द्वारा शिकायतों पर कार्रवाई न करने तथा अवैध कब्जों से संबंधित मामलों में हीलाहवाली की शिकायत भी की। मुख्यमंत्री ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाया जाए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द कराया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग सीधे जनता दर्शन में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने पहले अपने जिले या मंडल स्तर के अधिकारियों के समक्ष समस्या रखी थी। कई लोगों ने बताया कि वे सीधे मुख्यमंत्री से मिलने आए हैं। इस पर योगी आदित्यनाथ ने सलाह दी कि लोग पहले जिला और मंडल स्तर के अधिकारियों से संपर्क करें, क्योंकि कई समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो सकता है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से भीषण गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर स्तर पर शिकायतों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *