टीजीटी परीक्षा-2026 की प्रोविजनल उत्तरकुंजी जारी, 12 जून तक दर्ज करा सकेंगे आपत्तियां

लखनऊ, 07 जून 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा-2026 (विज्ञापन संख्या-01/2022) की प्रोविजनल उत्तरकुंजी जारी कर दी है। आयोग द्वारा 3 और 4 जून 2026 को आयोजित लिखित परीक्षा के सभी 15 विषयों की मास्टर सेट उत्तरकुंजी आयोग की वेबसाइट पर अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध करा दी गई है।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अंग्रेजी, हिंदी, गणित, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत, शारीरिक शिक्षा, वाणिज्य, गृह विज्ञान, कला, विज्ञान, संगीत गायन, कृषि, जीव विज्ञान, उर्दू तथा संगीत वादन सहित सभी विषयों की प्रोविजनल उत्तरकुंजी प्रकाशित कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी आयोग के ऑनलाइन पोर्टल पर अपने अनुक्रमांक और जन्मतिथि के माध्यम से लॉगिन कर संबंधित विषय की मास्टर सेट उत्तरकुंजी का अवलोकन कर सकते हैं तथा अपने प्रश्नपत्र का मिलान कर सकते हैं। यदि किसी प्रश्न अथवा उत्तर के संबंध में कोई आपत्ति है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अभ्यर्थी 12 जून 2026 की रात्रि 12 बजे तक अपनी आपत्तियां ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। आपत्तियों के निस्तारण संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। निर्धारित समयावधि के बाद प्राप्त किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे केवल आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन लिंक के माध्यम से ही अपनी आपत्तियां प्रस्तुत करें। ई-मेल, डाक अथवा किसी अन्य माध्यम से भेजी गई आपत्तियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

आयोग के अनुसार प्राप्त सभी आपत्तियों का विषय विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण किया जाएगा, जिसके बाद अंतिम उत्तरकुंजी तैयार कर आगे की चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *