लोकतंत्र की जीवनरेखा है पत्रकारिता, मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण : केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 07 जून 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की प्राणवायु है और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण तथा जिम्मेदारपूर्ण है। लोकतंत्र तभी सशक्त और जीवंत रह सकता है जब उसके सभी स्तंभ निष्पक्षता, स्वतंत्रता और जवाबदेही के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करें।

उप मुख्यमंत्री ने रविवार को आगरा में आयोजित नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का सशक्त माध्यम है। पत्रकार दिन-रात समाज को जागरूक करने, जनभावनाओं को अभिव्यक्ति देने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की कलम में अपार शक्ति होती है। यदि सरकार जनहित के कार्यों में कहीं कमी छोड़ती है तो पत्रकार उसे उजागर करने का अधिकार रखते हैं, वहीं सरकार के अच्छे कार्यों को जनता तक पहुंचाने में भी मीडिया की अहम भूमिका होती है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ की अवधारणा को संसाधनों की बचत और विकास की गति बढ़ाने में सहायक बताते हुए कहा कि देश की युवा पीढ़ी और आम नागरिक भी इस विचार का व्यापक समर्थन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों, ऊर्जा संकट और अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता के बावजूद भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रक्षा उत्पादन, ऊर्जा सुरक्षा और तकनीकी विकास के क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। आत्मनिर्भर भारत के निर्माण से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अनेक देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किए गए हैं। यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री का नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है।

उन्होंने सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि अभिव्यक्ति के नए अवसरों के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं। पत्रकारिता को तथ्यों, निष्पक्षता और राष्ट्रहित के मूल्यों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों की समर्थक है और पत्रकारों से जुड़े विषयों एवं समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील है।

कार्यक्रम के शुभारंभ पर उप मुख्यमंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने पत्रकारों से लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर रास बिहारी, प्रदीप तिवारी, अरविंद सिंह, प्रमोद गोस्वामी तथा सुरेंद्र दुबे सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *