रंग में भंग डाला तो वर्तमान के साथ भविष्य भी स्वाहा हो जाएगा-योगी

गोंडा, 6 जून (यूएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोंडा जिले के कटरा और करनैलगंज विधानसभा क्षेत्रों में कुल 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में अब वह दौर नहीं रहा जब त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में व्यवधान उत्पन्न किया जाता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू और अराजकता आम बात थी। उन्होंने दावा किया कि दुर्गा पूजा, मूर्ति विसर्जन और रामलीला जैसे आयोजनों में बाधाएं खड़ी की जाती थीं तथा तत्कालीन सरकारें दंगाइयों और अपराधियों के सामने नतमस्तक रहती थीं। उन्होंने कहा कि अब यदि कोई उत्सव और सामाजिक सौहार्द के माहौल में व्यवधान डालने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुरक्षित वातावरण के बिना निवेश संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश पहचान के संकट, बेरोजगारी और असुरक्षा से जूझ रहा था, जबकि आज प्रदेश के सभी जिलों, तहसीलों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों तक बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।

516 करोड़ रुपये की 262 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, विकास और कानून-व्यवस्था पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री ने गोंडा के युवाओं, किसानों, महिलाओं और कारीगरों की सराहना करते हुए कहा कि जिले ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन आजादी के बाद अपेक्षित विकास नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टिकरण, भाई-भतीजावाद और जातिवाद की राजनीति के कारण जनपद विकास की दौड़ में पिछड़ गया था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों और प्रदेश में डबल इंजन सरकार के कार्यकाल के दौरान उत्तर प्रदेश की छवि में बड़ा बदलाव आया है। अब प्रदेश के युवाओं को रोजगार और सरकारी नौकरियों में अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई 60,244 पुलिस भर्ती में गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच और बलरामपुर के युवाओं को भी रोजगार मिला है।

अयोध्या का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर का भव्य निर्माण डबल इंजन सरकार की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लोगों ने लंबे संघर्ष और कठिनाइयों का सामना किया था। उन्होंने दावा किया कि पहले रामभक्तों को अयोध्या जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जबकि आज अयोध्या विश्वभर के श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोंडा में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि महाविद्यालय और आधुनिक विद्यालयों जैसी परियोजनाएं जिले की नई पहचान बन रही हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विकास और सुशासन को प्राथमिकता देने वाले जनप्रतिनिधियों का चयन करें ताकि क्षेत्र का विकास निरंतर जारी रह सके।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया, विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के प्रमाण पत्र और सहायता सामग्री भी वितरित की।

इस अवसर पर करण भूषण सिंह, विनय कुमार द्विवेदी, अजय सिंह, बावन सिंह, प्रेम नारायण पांडेय, प्रभात कुमार वर्मा, अवधेश कुमार सिंह ‘मंजू’ तथा घनश्याम मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *