पीएम सूर्यघर योजना में उत्तर प्रदेश का जलवा, चार राष्ट्रीय प्रथम पुरस्कार हासिल

नई दिल्ली/लखनऊ, 6 जून 2026। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर ऊर्जा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार समारोह में राज्य को कई महत्वपूर्ण श्रेणियों में सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सौर ऊर्जा को जन-आंदोलन बनाने के प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

मंत्रालय की ओर से जारी पुरस्कार सूची के अनुसार, सौर ऊर्जा माह (मई 2026) के दौरान उच्च उपभोक्ता आधार श्रेणी में उत्तर प्रदेश ने देशभर में सबसे अधिक 1,02,035 उपभोक्ता आवेदन, 64,734 सौर संयंत्रों की स्थापना तथा 779 विक्रेताओं के पंजीकरण के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा डिस्कॉम निरीक्षणों की श्रेणी में राज्य को दूसरा स्थान मिला।

राज्य की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी जब लखनऊ ने देश में एक लाख से अधिक रूफटॉप सौर संयंत्र स्थापित कर प्रथम स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि राजधानी को देश के अग्रणी सौर ऊर्जा शहरों में शामिल करती है।

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में अब तक 5.64 लाख से अधिक रूफटॉप सौर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही राज्य देश के प्रमुख सौर ऊर्जा उत्पादक राज्यों की श्रेणी में शामिल हो गया है। योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है और उनके बिजली बिलों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, बड़ी संख्या में उपभोक्ता अब अपनी जरूरत की बिजली स्वयं पैदा कर रहे हैं। इससे न केवल घरेलू खर्च में बचत हुई है, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिली है। साथ ही स्वच्छ और हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलने से पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी गति मिली है।

प्रदेश सरकार द्वारा अपनाए गए विकेंद्रीकृत क्रियान्वयन और केंद्रीकृत निगरानी मॉडल, जिला स्तर पर प्रभावी समन्वय, विद्युत वितरण कंपनियों की सक्रिय भागीदारी तथा व्यापक जन-जागरूकता अभियानों को इस सफलता का प्रमुख आधार माना जा रहा है।

ऊर्जा सुरक्षा को राष्ट्रीय सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए राज्य सरकार सौर ऊर्जा के विस्तार पर लगातार जोर दे रही है। नई दिल्ली में मिला यह सम्मान उत्तर प्रदेश की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत राज्य स्वच्छ ऊर्जा क्रांति का नेतृत्व करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि सौर ऊर्जा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की यह उपलब्धि न केवल राज्य के लिए गौरव का विषय है, बल्कि विकसित भारत और ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य को भी नई गति प्रदान करेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *