टीजीटी परीक्षा का दूसरा दिन शांतिपूर्ण सम्पन्न, वाराणसी में फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार

लखनऊ, 04 जून 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन गुरुवार को प्रदेशभर में शांतिपूर्ण, पारदर्शी, नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुआ। परीक्षा के दौरान आयोग मुख्यालय में स्थापित कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित एकीकृत नियंत्रण एवं कमांड कक्ष से सभी परीक्षा केन्द्रों की लगातार निगरानी की गई।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रथम पाली में प्रदेश के 504 परीक्षा केन्द्रों पर अंग्रेजी, गृह विज्ञान, जीव विज्ञान एवं संगीत वादन विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जबकि द्वितीय पाली में 471 परीक्षा केन्द्रों पर संस्कृत, वाणिज्य एवं कला विषय की परीक्षा सम्पन्न हुई। परीक्षा का आयोजन प्रदेश के 36 जनपदों में किया गया।

उन्होंने बताया कि आयोग के सदस्य, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कैमरों और अत्याधुनिक निगरानी तंत्र के माध्यम से सभी केन्द्रों पर परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई। इसी दौरान वाराणसी में एक फर्जी परीक्षार्थी दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। उसे तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया गया और उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आंकड़ों के अनुसार 03 जून को आयोजित परीक्षा में 2,21,489 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जबकि 04 जून को 2,12,975 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार दोनों दिनों में कुल 4,34,464 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जो कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों का 50.02 प्रतिशत है।

महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति भी संतोषजनक रही। 03 जून को महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 45.41 प्रतिशत तथा पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 52.42 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि 04 जून को महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 49.16 प्रतिशत और पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 52.17 प्रतिशत रही।

डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया गया। बायोमेट्रिक सत्यापन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित मॉनिटरिंग और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के कारण पूरी परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष एवं विश्वसनीय रही।

उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग देने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, केन्द्र व्यवस्थापकों तथा आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आयोग पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण चयन प्रक्रिया के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *