भाजपा ने साइकिल ट्रैक और साइकिल हाई-वे को बर्बाद किया : अखिलेश यादव

लखनऊ, 03 जून 2026 (यूएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर विकास परियोजनाओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी सरकार के समय शुरू की गई कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को वर्तमान सरकार ने बर्बाद कर दिया है। उन्होंने विशेष रूप से साइकिल ट्रैक और साइकिल हाई-वे जैसी पर्यावरण-अनुकूल परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने इन्हें चौपट कर दिया।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार और विकास का आपस में कोई मेल नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी सरकार के दौरान तैयार किए गए खेल और बुनियादी ढांचे के कई प्रकल्प वर्षों से उपेक्षा का शिकार हैं। उन्होंने कहा कि जिस वेलोड्रोम पर साइकिल दौड़नी चाहिए थी, वह भाजपा शासन में पिछले नौ वर्षों से ठप पड़ा हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने लखनऊ सहित प्रदेश के कई शहरों में साइकिल ट्रैक बनवाए थे, ताकि पर्यावरण संरक्षण, ईंधन की बचत और लोगों के स्वास्थ्य को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने याद दिलाया कि सपा सरकार ने आगरा से इटावा के बीच 207 किलोमीटर लंबा साइकिल हाई-वे तैयार कराया था, जो ताजमहल को इटावा लायन सफारी से जोड़ता है। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक अनूठी पहल बताया।

अखिलेश यादव ने कहा कि साइकिल ट्रैक समाजवादी सरकार की दूरदर्शी सोच का परिणाम था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का चुनाव चिह्न साइकिल है और साइकिल से समाजवादियों का विशेष भावनात्मक जुड़ाव है। इसी कारण भाजपा साइकिल से नफरत करती है।

उन्होंने कहा कि भारत में वर्ष 1951 में एक लाख साइकिलें विदेशों से मंगाई गई थीं और उस समय इंग्लैंड तथा जापान से इनके कलपुर्जे आयात किए जाते थे। वर्ष 1953 में आगरा में साइकिल के कलपुर्जे बनाने का पहला कारखाना स्थापित किया गया था।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि साइकिल और समाजवादी पार्टी का संबंध केवल चुनाव चिह्न तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पार्टी की विचारधारा, संघर्ष और जनसरोकारों का प्रतीक है। उनके अनुसार साइकिल आम आदमी की यात्रा, मेहनत और उम्मीदों का प्रतिनिधित्व करती है, इसलिए यह समाजवादी पार्टी की पहचान का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बनी हुई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *