रितिक की मौत का जवाब कौन देगा? पेपर लीक पर चर्चा से डरने वाली सरकार युवाओं के सपनों की हत्यारी : संजय सिंह

लखीमपुर खीरी/लखनऊ, 03 जून 2026 (यूएनएस)। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह बुधवार को नीट परीक्षार्थी रितिक मिश्रा के परिजनों से मिलने लखीमपुर खीरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली को लेकर केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि रितिक की मौत केवल आत्महत्या नहीं, बल्कि भ्रष्ट परीक्षा व्यवस्था और सरकारी विफलताओं के कारण हुई संस्थागत हत्या है।

संजय सिंह ने कहा कि रितिक मिश्रा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसने डॉक्टर बनने का सपना देखा, वर्षों तक मेहनत की और नीट परीक्षा की तैयारी में दिन-रात जुटा रहा। परीक्षा देने के बाद उसे सफलता की पूरी उम्मीद थी, लेकिन पेपर लीक की खबरों और परीक्षा की निष्पक्षता पर उठे सवालों ने उसके सपनों को तोड़ दिया।

उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। परिवार के अनुसार रितिक लगातार तीसरी बार नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था और इस बार उसका प्रदर्शन भी बेहतर रहा था। लेकिन परीक्षा प्रक्रिया को लेकर पैदा हुए संदेह ने उसे गहरे मानसिक तनाव में डाल दिया।

संजय सिंह ने कहा कि जब कोई छात्र वर्षों की मेहनत और संघर्ष के बाद भी अपनी परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर आश्वस्त न हो सके, तो यह व्यवस्था की सबसे बड़ी विफलता है। उन्होंने कहा कि रितिक की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि उस भ्रष्ट तंत्र की देन है जिसने परीक्षा माफियाओं को संरक्षण दिया और लाखों युवाओं के भविष्य को अनिश्चितता के हवाले कर दिया।

आप सांसद ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार केवल जांच और बयानबाजी तक सीमित रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की नाकामी और परीक्षा माफियाओं की सांठगांठ ने छात्रों का भरोसा पूरी तरह तोड़ दिया है।

संजय सिंह ने कहा कि पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने की घटनाएं अब केवल शैक्षिक संकट नहीं रह गई हैं, बल्कि सामाजिक त्रासदी का रूप ले चुकी हैं। लाखों छात्र मानसिक तनाव, अवसाद और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं। यह युवाओं के भविष्य पर सीधा हमला है।

उन्होंने मांग की कि रितिक मिश्रा की मौत के लिए जिम्मेदार परीक्षा माफियाओं, भ्रष्ट अधिकारियों और पूरे नेटवर्क की जवाबदेही तय की जाए तथा उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कठोर कानून लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्र को इस तरह की परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।

संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी रितिक मिश्रा के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी और दोषियों को सजा दिलाने तक पार्टी पीछे नहीं हटेगी।

इस अवसर पर सभाजीत सिंह, विनय पटेल, वंशराज दुबे, जिला अध्यक्ष सुधीर वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष हाशिम सिद्दीकी, अरुण वर्मा, अनित रावत, मनोज मिश्रा और अतुल सिंह सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *