संदीप सिंह हत्याकांड : अपराधियों को पाताल से भी ढूंढ़कर सजा देंगे : ब्रजेश पाठक

कानपुर/लखनऊ, 03 जून (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के चर्चित संदीप सिंह हत्याकांड को लेकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि इस जघन्य वारदात में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों को पाताल से भी ढूंढ़कर कानून के अनुसार सजा दिलाई जाएगी।

बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने कहा कि लखनऊ में हुए इस हत्याकांड में समाजवादी पार्टी से जुड़े एक कार्यकर्ता की संलिप्तता की जानकारी सामने आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में गुंडों और माफियाओं को संरक्षण दिया जाता था और आज भी ऐसे तत्वों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए समाजवादी पार्टी कथित तौर पर अपने आपराधिक नेटवर्क और माफिया तंत्र के सहारे इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी तत्वों को बेनकाब किया जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम कर रही है। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा।

उल्लेखनीय है कि लखनऊ के रियल एस्टेट कारोबारी संदीप सिंह की 27 मई को पीजीआई थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस और विशेष कार्यबल की कई टीमों को जांच में लगाया गया।

जांच के दौरान समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश यादव का नाम सामने आया, जिसे पुलिस इस हत्याकांड का कथित मास्टरमाइंड मान रही है। पुलिस के अनुसार जमीन विवाद इस हत्या की मुख्य वजह बताया जा रहा है।

मामले में पुलिस दिनेश यादव और उसके चालक मुकर्रबीन को गिरफ्तार कर चुकी है। साथ ही कई लग्जरी वाहनों को भी जब्त किया गया है। हालांकि हत्या को अंजाम देने वाले शूटर अभी फरार हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार हत्या के लिए दो शूटरों को पांच लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस और विशेष कार्यबल की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं और मामले की गहन जांच जारी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *