सुभासपा ने जारी की मीडिया पैनलिस्टों की सूची, अनिल राजभर और पियूष मिश्रा बने राष्ट्रीय प्रवक्ता

लखनऊ, 03 जून (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय मीडिया पैनलिस्टों तथा प्रवक्ताओं की सूची जारी कर दी।

जारी सूची के अनुसार अनिल राजभर और पियूष मिश्रा को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि दोनों नेता राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया में सुभासपा की नीतियों, कार्यक्रमों और विचारधारा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे।

ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि नई मीडिया टीम पार्टी की आवाज को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को तेज किया जा रहा है और मीडिया प्रबंधन को भी मजबूत बनाया जा रहा है, ताकि पार्टी का पक्ष प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंच सके।

पार्टी सूत्रों के अनुसार चयनित प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्टों को विभिन्न जिलों, महानगरों और संगठनात्मक इकाइयों में पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। ये प्रतिनिधि टीवी चैनलों की बहसों, प्रेस वार्ताओं और अन्य सार्वजनिक मंचों पर पार्टी का पक्ष रखेंगे।

सुभासपा का मानना है कि विधानसभा चुनाव 2027 से पहले संगठनात्मक विस्तार और बेहतर संवाद व्यवस्था पार्टी को राजनीतिक रूप से और अधिक मजबूती प्रदान करेगी। पार्टी की ओर से संकेत दिए गए हैं कि मीडिया पैनलिस्टों और अन्य पदाधिकारियों की विस्तृत सूची भी जल्द सार्वजनिक की जा सकती है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनावी तैयारियों के मद्देनजर सुभासपा का यह कदम पार्टी की सक्रियता बढ़ाने और गठबंधन राजनीति में अपनी भूमिका को और प्रभावी बनाने की रणनीति का हिस्सा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *