शाहजहांपुर। जनपद की निवासी आरती वर्मा उर्फ सोनी ने दहेज उत्पीड़न और मारपीट से परेशान होकर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। मंगलवार को पीड़िता ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता के अनुसार, विवाह के बाद ससुराल पक्ष द्वारा उस पर लगातार दहेज की मांग का दबाव बनाया गया। उससे दो लाख रुपये नकद और एक कार की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और अंततः उसे घर से निकाल दिया गया। आरती का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके कान का पर्दा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
आरती ने बताया कि इस मामले में उसने पहले ही आरसी मिशन थाना में मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन विवेचना के दौरान आरोपियों को राहत मिलने की बात सामने आई है। इसके अलावा, उसने अपने पति पर बिना तलाक दूसरी शादी करने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
वर्तमान में पीड़िता अपने बुजुर्ग पिता के साथ रह रही है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है।
इस संबंध में जिलाधिकारी और एसपी ने पीड़िता को आश्वासन दिया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उसे न्याय दिलाया जाएगा।
