लखनऊ, 15 मार्च। रॉयल स्पोर्ट्स गंज स्टेडियम में रविवार को आयोजित “फिट-टेस्ट फैमिली एरीना – वॉकाथॉन एवं फिटनेस कार्यक्रम” में खिलाड़ियों, छात्रों और फिटनेस प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फिटनेस को बढ़ावा देने और लोगों को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में वॉकाथॉन, जुम्बा और योग सत्र आयोजित किए गए।
स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया, रॉयल स्पोर्ट्स गंज स्टेडियम और द गुरुकुलम स्कूल – बाय फिजिक्सवाला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दो किलोमीटर की वॉकाथॉन से हुई। वॉकाथॉन को डॉ. नीरज बोरा, विधायक लखनऊ उत्तर, ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर डॉ. बोरा ने खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया और कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में खेल और फिटनेस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेल और व्यायाम से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे शारीरिक ही नहीं, मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है।
वॉकाथॉन के बाद कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत पूजा सिंह, प्रधानाचार्या, द गुरुकुलम स्कूल – बाय फिजिक्सवाला के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने घोषणा की कि आरएसजी स्टेडियम के प्रशिक्षु राज्य पदक विजेता खिलाड़ियों को स्कूल में फीस में 50 प्रतिशत की छात्रवृत्ति दी जाएगी।
इसके बाद प्रतिभागियों के लिए जुम्बा फिटनेस सत्र और योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों, छात्र-छात्राओं, फिटनेस प्रेमियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
इससे पूर्व डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय, निदेशक, स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया एवं कार्यकारी निदेशक, आरएसजी स्टेडियम और हर्षवर्धन सिंह, कार्यकारी निदेशक, आरएसजी स्टेडियम ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

कार्यक्रम में हॉकी ओलंपियन सैयद अली, ऋषि गोयल (चेयरमैन, अवध ग्रुप ऑफ कॉलेजेज), अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी अबू हुबैदा, शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक मुकेश सिंह, आरएसजी स्टेडियम के निदेशक (ऑपरेशन) अजय सेठी तथा सहायक निदेशक अंश पांडेय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की मेडिकल टीम ने आपातकालीन स्थितियों में प्राथमिक उपचार की जानकारी देने के लिए सीपीआर का लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी प्रस्तुत किया।
सम्मानित खिलाड़ी
अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी अबू हुबैदा (विश्व रैंकिंग-2, भारत रैंकिंग-1) और भारतीय पैरा क्रिकेटर संतोष गुप्ता को सम्मानित किया गया।
क्रिकेट में अविका जैन (अंडर-15 बोर्ड ट्रॉफी, राज्य स्तरीय खिलाड़ी) और अखिल गिरि (अंडर-14 जोनल खिलाड़ी) को सम्मान मिला। ताइक्वांडो में निरोशा सिंह (राष्ट्रीय स्तर कांस्य पदक) और आराध्या शुक्ला (राज्य स्तर पदक विजेता) को सम्मानित किया गया।
टेनिस में अन्वी भाटिया (अंडर-14 क्षेत्रीय स्वर्ण पदक) और प्रणय शुक्ला (अंडर-10 कांस्य पदक) को भी सम्मान मिला। हॉकी में शाम्भवी मिश्रा और सबल सिंह (एसजीएफआई चयनित खिलाड़ी) को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा उभरते हुए खिलाड़ियों में बास्केटबॉल के आदित्य दास और अपूर्वा वर्मा तथा फुटबॉल के आरुष राज यादव और यशवर्धन श्रीवास्तव को भी प्रोत्साहित किया गया।
