धोनी का आईपीएल में यह अंतिम सत्र हो सकता है: इरफान पठान

नई दिल्ली, 14 मार्च (RNN)। भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का सत्र महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खिलाड़ी के रूप में अंतिम सत्र हो सकता है।

जैसे-जैसे आईपीएल 2026 करीब आ रहा है, धोनी के संभावित संन्यास को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन को अपनी टीम में शामिल किया है, जिसके बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि धोनी इस बार मैदान पर कम नजर आ सकते हैं और टीम में मेंटोर (मार्गदर्शक) की भूमिका निभा सकते हैं।

इरफान पठान ने जिओ हॉटस्टार से बातचीत में कहा, “धोनी के बिना चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना भी नहीं की जा सकती। हो सकता है कि इस सत्र में हम उन्हें आखिरी बार पीली जर्सी में देखें। लेकिन उनके बिना सीएसके और आईपीएल की कल्पना करना मुश्किल है।”

उन्होंने कहा कि आईपीएल शुरू होते ही धोनी फिर से खेलते नजर आते हैं, जिससे स्पष्ट है कि वह इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं और काफी फिट भी दिखाई दे रहे हैं।

44 वर्षीय धोनी इस महीने की शुरुआत में चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स के प्रशिक्षण शिविर में शामिल हो चुके हैं और रितुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम के साथ अभ्यास कर रहे हैं।

पठान के अनुसार इस सत्र में धोनी की भूमिका टीम को एकजुट रखने और भविष्य के नेताओं को तैयार करने की हो सकती है। उन्होंने कहा, “इस सत्र में धोनी सबको साथ लेकर चलने में अहम भूमिका निभाएंगे। मुझे नहीं पता कि वे कितने मैच खेलेंगे, लेकिन ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी से टीम को काफी मदद मिलेगी।”

उन्होंने कहा कि इससे संजू सैमसन को भी फायदा होगा क्योंकि वह नेतृत्व समूह का हिस्सा होंगे। रितुराज गायकवाड़ कप्तान हैं, लेकिन टीम भविष्य के लिए दो-तीन खिलाड़ियों को तैयार कर रही है और इसमें धोनी की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

धोनी ने आईपीएल में अब तक 278 मैच खेले हैं और 5,439 रन बनाए हैं। पिछले सत्र में उन्हें मुख्य रूप से डेथ ओवरों में बल्लेबाजी करते देखा गया था, जहां उन्होंने 13 पारियों में 196 रन बनाए थे।

इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच संजय बांगड़ का मानना है कि दो प्रमुख बल्लेबाजों के जाने के बाद राजस्थान रॉयल्स के युवा खिलाड़ियों को अब जिम्मेदारी संभालनी होगी। उन्होंने कहा, “पहले टीम से जोस बटलर गए और अब संजू सैमसन भी टीम में नहीं हैं। ऐसे में युवा बल्लेबाजों को आगे बढ़कर जिम्मेदारी लेनी होगी।”

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज अभिनव मुकुंद ने कहा कि सनराइजर्स हैदराबाद के लिए शुरुआती मैच चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं और टीम के कप्तान पैट कमिंस की उपलब्धता को लेकर भी संशय बना हुआ है।

उन्होंने कहा, “सनराइजर्स हैदराबाद को शुरुआती मुकाबलों में कठिन मैच खेलने होंगे। यह भी स्पष्ट नहीं है कि पैट कमिंस पूरी तरह खेलने के लिए उपलब्ध हैं या नहीं, क्योंकि उनकी ओर से अभी तक कोई बयान नहीं आया है।”

सनराइजर्स हैदराबाद अपना पहला मैच 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद दो अप्रैल को उसका सामना कोलकाता नाइट राइडर्स और पांच अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *