नमन पुरस्कार समारोह में टी20 विश्व कप विजेता भारतीय टीम को सम्मानित करेगा बीसीसीआई

मुंबई, 14 मार्च (RNN)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) रविवार को यहां आयोजित होने वाले अपने वार्षिक नमन पुरस्कार समारोह में टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास रचने वाली सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम को सम्मानित करेगा।

बीसीसीआई ने शनिवार को घोषणा की कि बीसीसीआई नमन पुरस्कार 2026 का मुख्य आकर्षण हाल के समय में आईसीसी खिताब जीतने वाली पांचों भारतीय टीमों को सम्मानित करना होगा।

गौतम गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम ने आठ मार्च को अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता और उसका सफलतापूर्वक बचाव भी किया। इसके साथ ही भारत टी20 विश्व कप का खिताब बचाने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई। साथ ही यह घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप जीतने वाली भी पहली टीम है।

समारोह में उन अन्य भारतीय टीमों को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने हाल के वर्षों में आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं। इनमें 2025 में वनडे विश्व कप जीतने वाली सीनियर महिला टीम, 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली पुरुष टीम, 2026 में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली टीम और 2025 में अंडर-19 टी20 विश्व कप जीतने वाली महिला टीम शामिल हैं।

बीसीसीआई ने कुछ व्यक्तिगत पुरस्कारों की भी आधिकारिक घोषणा की। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को 2024-25 सत्र के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय पुरुष क्रिकेटर के रूप में पॉली उमरीगर पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि स्मृति मंधाना को उनके करियर में पांचवीं बार सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर के सम्मान से नवाजा जाएगा।

पूर्व दिग्गज क्रिकेटर रोजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को बोर्ड के सर्वोच्च सम्मान कर्नल सी.के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वहीं पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज को बीसीसीआई के महिला लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजा जाएगा।

रोजर बिन्नी 1983 विश्व कप विजेता भारतीय टीम के सदस्य थे और उस टूर्नामेंट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। बाद में उन्होंने कोच, चयनकर्ता और 2022 से 2025 तक बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में भी खेल की सेवा की।

राहुल द्रविड़ के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 24 हजार से अधिक रन दर्ज हैं और उन्हें भारत के महानतम बल्लेबाजों में गिना जाता है। उनके मुख्य कोच रहते हुए भारत ने 2024 में टी20 विश्व कप भी जीता था।

अन्य पुरस्कारों में इरा जाधव को सर्वश्रेष्ठ महिला घरेलू क्रिकेटर के लिए जगमोहन डालमिया ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि शेफाली वर्मा को सीनियर घरेलू एकदिवसीय टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर के रूप में सम्मानित किया जाएगा।

आयुष म्हात्रे को घरेलू सीमित ओवरों की प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ पुरस्कार मिलेगा, जबकि विदर्भ के हर्ष दुबे को रणजी ट्रॉफी में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर का पुरस्कार दिया जाएगा।

इसके अलावा मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को बीसीसीआई के घरेलू टूर्नामेंटों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली राज्य क्रिकेट संघ का पुरस्कार दिया जाएगा। उसकी टीम ने इस सत्र में चार खिताब जीते और दो प्रतियोगिताओं में उपविजेता रही।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *