जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गंडक संगठन की परियोजनाओं की समीक्षा की

लखनऊ, 14 मार्च (RNN)। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को तेलीबाग स्थित परिकल्प भवन में विभागीय उच्च अधिकारियों और गंडक संगठन के अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ सुरक्षा एवं नदी तट संरक्षण से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में मंत्री ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं की वास्तविक प्रगति और गुणवत्ता का आकलन करने के लिए निर्माण कार्य शुरू होने से पहले तथा निर्माण पूरा होने के बाद लिए गए फोटोग्राफ और वीडियो का भी अवलोकन किया।

स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ सुरक्षा से संबंधित सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा और सभी परियोजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

मंत्री ने कहा कि वे स्वयं भी पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान वे स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर योजनाओं के लाभ और प्रभाव के बारे में फीडबैक प्राप्त करेंगे, ताकि परियोजनाओं के वास्तविक परिणामों का आकलन किया जा सके।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में परियोजनाओं का नियमित भौतिक निरीक्षण करने और कार्यों की स्थिति व गुणवत्ता के संबंध में विस्तृत सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में परियोजनाओं के भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत निर्माण कार्य शुरू होने से पहले और पूरा होने के बाद फोटोग्राफ तथा वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का पारदर्शी तरीके से मूल्यांकन किया जा सके।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग अनिल गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी बाढ़ सुरक्षा और तटबंध सुरक्षा परियोजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि परियोजनाओं के भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरी की जाए और समय-समय पर अद्यतन रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी मंत्री को दी। बैठक में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष, प्रमुख अभियंता (परिकल्प एवं नियोजन) सहित विभाग के मुख्य अभियंता तथा गोरखपुर, आजमगढ़ और बस्ती मंडल के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *