एलपीजी ‘लापता’ गैस बन गई है: अखिलेश यादव

मुंबई, 14 मार्च (RNN)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि भारत को अमेरिका–इजराइल–ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के खिलाफ रुख अपनाना चाहिए था, क्योंकि इस युद्ध में कई महिलाओं और बच्चों की जान गई है और इसका असर भारत की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ना शुरू हो गया है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शांति का संदेश देकर और युद्ध को रोकने की पहल करके “विश्वगुरु” बन सकते थे। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री और भाजपा के पास विश्वगुरु बनने का अवसर है। हमें युद्ध के खिलाफ रुख अपनाना चाहिए था। महिलाओं और बच्चों की जान गई हैं और भारत में इस युद्ध का असर हमारी अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है।”

अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष अबू आसिम आजमी द्वारा आयोजित इफ्तार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुंबई पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि शांति का संदेश देना और उस युद्ध को रोकने का प्रयास करना जरूरी है, जिसमें कई लोगों की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा सीधे तौर पर विदेश नीति से जुड़ी हुई है।

एलपीजी सिलेंडर की कथित कमी और लोगों के सिलेंडर के लिए कतार में खड़े होने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि एलपीजी अब “लापता गैस” बन गई है, जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित कर रही है।

उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर झूठ फैलाकर लोगों को बांटने का आरोप लगाया और पार्टी को “अफवाजीवी” करार दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा केवल झूठ फैलाने, लोगों को गुमराह करने और साजिश करने का काम करती है।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ईरान और ओमान के बीच स्थित संकरे जलमार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर वैश्विक ऊर्जा बाजार और भारत की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *