कांग्रेस कभी मेरी कब्र नहीं खोद पाएगी : मोदी

लोकसभा में हुए हंगामे का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

बोले—चुनावी हार से हताश विपक्ष नफरत की भाषा अपना रहा है

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्षी दल लगातार चुनावी हार को पचा नहीं पा रहा है और उनके प्रति गहरी नफरत रखने के बावजूद वह कभी उनकी कब्र नहीं खोद पाएगा।

राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने लोकसभा में विपक्ष द्वारा किए गए व्यवधान पर खेद जताया। उन्होंने कहा कि यह केवल सदन की मर्यादा का उल्लंघन नहीं, बल्कि एक आदिवासी महिला राष्ट्रपति, उनके सर्वोच्च संवैधानिक पद और स्वयं संविधान का भी अपमान है।

प्रधानमंत्री ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ राहुल गांधी द्वारा की गई ‘गद्दार’ टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि यह पूरे सिख समुदाय का अपमान है।

कांग्रेस पर प्रहार जारी रखते हुए मोदी ने कहा कि जो लोग ‘मोहब्बत की दुकान’ की बात करते हैं, वही लोग ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे नारे लगाते हैं, जो उनकी चुनावी हार से उपजी हताशा को उजागर करता है।
उन्होंने कहा, “यह कैसी मोहब्बत की दुकान है? उन्होंने यह किस संविधान से सीखा है? क्या यह संविधान का अपमान नहीं है?”

प्रधानमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा, “वे कभी मेरी कब्र नहीं खोद पाएंगे।” उन्होंने कहा कि उन्हें करोड़ों माताओं, बहनों और देश के गरीबों का आशीर्वाद प्राप्त है, जिनके लिए वह निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं।

करीब 100 मिनट लंबे अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस हर भारतीय नागरिक को समस्या मानती रही, जबकि उनकी सरकार देश की 140 करोड़ जनता को अपनी ताकत और चुनौतियों का समाधान मानती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष उन्हें रोज गालियां देता है, क्योंकि वह यह स्वीकार नहीं कर पा रहा कि उनके जैसा एक गरीब परिवार से आने वाला व्यक्ति प्रधानमंत्री पद तक कैसे पहुंचा।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस के ‘प्रथम परिवार’ को लगता है कि प्रधानमंत्री का पद उनकी जागीर है, जबकि लोकतंत्र में जनता ही असली मालिक होती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *